सरगुजा
कामकाज ठप, ग्राहकों को लौटना पड़ा, बेमुद्दत आंदोलन की चेतावनी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर,11 सितंबर। पांच दिवसीय कार्य सप्ताह लागू करने की मांग को लेकर यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के आह्वान पर शुक्रवार को जिले के सभी बैंककर्मी और अधिकारी एक दिवसीय हड़ताल पर रहे। हड़ताल के कारण बैंकों में ताले लटके रहे और दिनभर बैंकिंग सेवाएं पूरी तरह प्रभावित रहीं। बैंक पहुंचने वाले ग्राहकों को बिना काम कराए वापस लौटना पड़ा।
बैंककर्मियों ने भारतीय स्टेट बैंक की कलेक्टोरेट शाखा के सामने एकत्र होकर अपनी मांगों के समर्थन में प्रदर्शन किया। इस दौरान केंद्र सरकार से 5 दिवसीय कार्य सप्ताह लागू करने की मांग की गई।
मांग पूरी नहीं हुई तो अक्टूबर से अनिश्चितकालीन आंदोलन
सेंट्रल बैंक ऑफिसर्स यूनियन के छत्तीसगढ़ अध्यक्ष श्याम गुप्ता ने बताया कि 8 मार्च 2024 को हुए समझौते के अनुसार पांच दिवसीय कार्य सप्ताह लागू करने की मांग को लेकर यह चरणबद्ध आंदोलन शुरू किया गया है।
उन्होंने कहा कि शुक्रवार की हड़ताल के बाद भी मांगों पर निर्णय नहीं हुआ तो 28 सितंबर से तीन दिवसीय हड़ताल की जाएगी। इसके बाद 26 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी गई है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में बैंक कर्मचारियों को दूसरे और चौथे शनिवार को अवकाश मिलता है। बैंक आने का समय निर्धारित रहता है, लेकिन काम खत्म कर जाने का समय निश्चित नहीं होता। कर्मचारियों पर काम का अतिरिक्त दबाव रहता है, इसलिए पांच दिवसीय कार्य सप्ताह जरूरी है।
प्रदर्शनकारियों ने प्रोत्साहन नीति पर भी उठाए सवाल
केनरा बैंक की कर्मचारी अंकिता सिंह ने कहा कि समझौते के करीब ढाई वर्ष बाद भी पांच दिवसीय कार्य सप्ताह लागू कराने के लिए कर्मचारियों को आंदोलन करना पड़ रहा है। उन्होंने बैंक की प्रदर्शन आधारित प्रोत्साहन नीति पर सवाल उठाते हुए कहा कि अलग-अलग स्तर के कर्मचारियों को मिलने वाला प्रोत्साहन असमान है। उन्होंने कर्मचारी हित में इस नीति की समीक्षा की मांग की।
हड़ताल के कारण सुबह से ही सभी बैंक शाखाएं बंद रहीं। बैंकिंग कार्य ठप रहने से आम ग्राहकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। आंदोलन में शामिल कर्मचारियों ने आगामी चरणों के आंदोलन को भी सफल बनाने के लिए एकजुटता का संकल्प लिया।