सरगुजा
उदयपुर,11 सितंबर। सरगुजा जिला के वन परिक्षेत्र कार्यालय उदयपुर के सभागार में मंगलवार को दोपहर 2 बजे सादे एवं गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया। इसमें स्थानांतरित अनुविभागीय वन अधिकारी (एसडीओ) बिजेन्द्र सिंह ठाकुर को भावभीनी विदाई दी गई, वहीं नवपदस्थ अनुविभागीय वन अधिकारी सपना मुखर्जी का स्वागत किया गया। वन परिक्षेत्र उदयपुर के अधिकारी-कर्मचारियों ने दोनों अधिकारियों को पुष्पगुच्छ भेंट कर शुभकामनाएं दीं।
समारोह के दौरान वन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने बिजेन्द्र सिंह ठाकुर के पांच वर्ष सात माह के कार्यकाल के अनुभव साझा किए। कर्मचारियों ने उनके कार्यकाल को बेहतर और निर्विवाद बताते हुए उनके कार्यों की सराहना की। विदाई समारोह में स्टॉफ से मिले सम्मान और आत्मीयता को याद कर श्री ठाकुर भावुक हो गए।
उन्होंने सभी कर्मचारियों को भविष्य में और बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही नवपदस्थ एसडीओ श्रीमती सपना मुखर्जी से भी बेहतर अनुभव और मार्गदर्शन मिलने की उम्मीद जताई। कार्यक्रम में वन परिक्षेत्र अधिकारी फेकू प्रसाद चौबे, प्रशिक्षु वन परिक्षेत्र अधिकारी अभिषेक देवांगन, सेवानिवृत्त परिक्षेत्र लिपिक गंगाराम शर्मा, वनपाल गिरीश बहादुर सिंह, शशिकांत सिंह, अशोक प्रताप सिंह, रामविलास सिंह, मलेश्वर पैकरा, यादनंद सिंह सहित वनरक्षक एवं अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
परिक्षेत्र लिपिक किरण वर्मा, पूजा पैकरा समेत बड़ी संख्या में वन विभाग के कर्मचारी समारोह में शामिल हुए।