सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 11 सितंबर। शहर के विभिन्न वार्डों में सडक़, नाली, साफ-सफाई और जल निकासी की बदहाल व्यवस्था को लेकर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी (शहर) ने नगर निगम आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर तत्काल आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह धंजल के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में बारिश के दौरान वार्डों में उत्पन्न जलभराव और गंदगी की समस्या का जल्द निराकरण कराने की मांग की गई। ज्ञापन सौंपने के दौरान पार्षद मेराज रंगरेज, चंद्रप्रकाश सिंह मग्गू, जीवन यादव, शबनम खानम, तीरथ पटेल, धनमीत छाबड़ा, दिनेश शर्मा, अमित वर्मा, शकीला सिद्दीकी, रूबी जैन सहित ब्लॉक कांग्रेस के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि कई स्थानों पर नालियों का पानी सडक़ों पर बह रहा है। तालाबों और जलभराव वाले क्षेत्रों से पानी की समुचित निकासी नहीं होने के कारण घरों में पानी घुसने की स्थिति बन रही है। इससे नागरिकों को परेशानी के साथ संक्रमण फैलने का खतरा भी बढ़ गया है। शहर की खराब सडक़ों और बड़े-बड़े गड्ढों में पानी भरने से वाहन चालकों के दुर्घटनाग्रस्त होने की आशंका बनी रहती है। वहीं नियमित कचरा उठाव नहीं होने से वार्डों में गंदगी की समस्या भी बढ़ रही है।
ज्ञापन में जाम नालियों की नियमित सफाई, खराब सडक़ों की शीघ्र मरम्मत, नियमित कचरा उठाव, नई नालियों एवं पाइपलाइन का निर्माण तथा घरों में पानी प्रवेश रोकने के लिए स्थायी जल निकासी व्यवस्था बनाने की मांग की गई। जलभराव वाले क्षेत्रों में तत्काल मशीनरी और कर्मचारियों की व्यवस्था कर राहत पहुंचाने की मांग भी की गई।
सामुदायिक भवन को किराए पर देने का विरोध
जिला कांग्रेस महामंत्री प्रशांत सिंह चीकू और रघुनाथ मंडल अध्यक्ष चंद्रप्रकाश सिंह मग्गू ने रामानुज वार्ड में नगर निगम द्वारा निर्मित सामुदायिक भवन को किराए पर दिए जाने का विरोध किया है। उन्होंने कहा कि भवन का निर्माण आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के विवाह और अन्य आयोजनों के लिए कम दर पर सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से किया गया है। इससे आसपास के पांच वार्डों के लोग लाभान्वित होते हैं। भवन को स्थायी रूप से किराए पर देने से निर्धन परिवार इस सुविधा से वंचित हो जाएंगे। उन्होंने विवाह सीजन शुरू होने से पहले भवन का विश्वविद्यालय को किया गया आवंटन निरस्त करने की मांग की।