सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर,11 सितंबर। सरगुजा अंचल के पारंपरिक और लोकप्रिय लोकगीतों को सहेजने एवं नई पीढ़ी तक पहुंचाने के उद्देश्य से निरंतर सरगुजा द्वारा होटल अलंकार ग्रीन में ‘लोकरंजनी’ लोकगीत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. पुष्पा सोनी, संतोष पाण्डेय, डॉ. अपेक्षा सिंह, रंजय स्वर्णकार, रश्मि स्वर्णकार, वरिष्ठ समाजसेवी मंगल पाण्डेय एवं वरिष्ठ कलाकार रासबिहारी मिश्रा ने मां सरस्वती और गणपति देव के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
कार्यक्रम की शुरुआत में मीना वर्मा ने अतिथियों एवं संगीत प्रेमियों का स्वागत किया। निरंतर की संस्थापिका वंदना दत्ता ने ‘लोकरंजनी’ के आयोजन के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए बताया कि कार्यक्रम में प्रस्तुत किए गए अधिकांश गीत आकाशवाणी अंबिकापुर से प्रसारित रहे हैं। इनमें सरगुजा के प्रसिद्ध गीतकार स्व. रामप्यारे रसिक और स्व. अनिरुद्ध नीरव की यादगार रचनाएं शामिल हैं, जिनमें सरगुजा की माटी, संस्कृति और लोकजीवन की सुगंध दिखाई देती है।
कार्यक्रम में वरिष्ठ कलाकार रासबिहारी मिश्रा, मीना वर्मा, मोहर लाल राही, उद्घोषिका अर्चना दीक्षित, परमानंद पातर, प्रदीप विश्वास, इस्लाम खान, सुप्रिया वर्मा सहित कलाकारों का अभिनंदन कर स्मृति चिह्न भेंट किए गए।
कार्यक्रम के आयोजन में लेजर हॉस्पिटल की डॉ. अपेक्षा गहरवार, शास्त्री मोटर्स के सतीश चंद्र मिश्रा, रंजय स्वर्णकार एवं डॉ. शांतनु सोनी का विशेष सहयोग रहा। अतिथियों ने सरगुजा की लोक संस्कृति और पारंपरिक गीतों के संरक्षण के लिए इस तरह के आयोजन नियमित रूप से कराने की आवश्यकता बताई।
रासबिहारी मिश्रा एवं साथियों ने लक्ष्मण मस्तुरिया की रचना ‘मैं वंदत हो दिनरात’ से छत्तीसगढ़ वंदना प्रस्तुत की। इसके बाद वंदना दत्ता एवं साथियों ने अनिरुद्ध नीरव की रचना ‘सरगुजा के भुइयां कर माया महतारी असन चल संगी हाय रे’ प्रस्तुत कर खूब तालियां बटोरीं। मीना वर्मा ने अपनी रचना ‘सरगुजा जिला भारी’ और कर्मा गीत ‘चल संगी खेले जबो’ की प्रस्तुति दी।
मोहर लाल राही और वंदना दत्ता ने स्व. रामप्यारे रसिक की रचना ‘तोला देखे बिना संगी टपकी-टपकी चुवे लोर’ प्रस्तुत की। लोकगायिका बबिता विश्वास ने पंडवानी एवं भरथरी के साथ ‘घोड़ा रोये घोड़साल मा’ और कर्मा गीत ‘रिमझिम भादो के बरसात में चला कर्मा खेले जाई’ प्रस्तुत किया। इस दौरान दर्शक भी कर्मा नृत्य में शामिल होकर कार्यक्रम का आनंद लेते नजर आए।
वंदना दत्ता ने स्व. प्रवीण प्रजापति की रचना ‘पानी मारे दलेला उठाये लेबे बाबू ते बडख़ा बुंदेला’ तथा ‘रात झिम-झिम करे’ की प्रस्तुति दी। रासबिहारी मिश्रा ने ‘सतरंगी करौंदा’, जबकि अनिरुद्ध नीरव की ‘पियर-पियर गांव तोला हंकाये रे’ और रसिक की ‘पैरी के रुनझुन खोपा कर गोंदा फूल’ जैसी रचनाओं की सामूहिक प्रस्तुति ने माहौल को लोक रंग में रंग दिया। अतिथि डॉ. पुष्पा सोनी ने भी आग्रह पर छत्तीसगढ़ी गीत ‘नरवा तीर में मोर’ प्रस्तुत किया।