सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 10 सितंबर। गांधीनगर थाना क्षेत्र में बच्चे से स्कूटी टकराने की बात को लेकर हुए विवाद में एक युवक पर चाकू और बैट से हमला करने के मामले में पुलिस ने आर्म्स एक्ट के आरोपी को घटना के करीब एक घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। मामले में शामिल एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार रायल पार्क कॉलोनी निवासी आकाश गोयल 9 सितंबर को दोपहर करीब एक बजे स्कूटी से अपनी दुकान जा रहा था। रायल पार्क मोड़ के पास उसकी स्कूटी से आदि अग्रवाल का भांजा हल्का टकरा गया। बच्चे को परिजन अस्पताल लेकर गए। इसी बात को लेकर आदि अग्रवाल अपने साथी वंश पंडित के साथ स्कूटी से मौके पर पहुंचा। आरोप है कि वंश पंडित के हाथ में चाकू और आदि अग्रवाल के पास बैट था।
दोनों ने आकाश से गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान वंश पंडित ने चाकू से आकाश के कूल्हे के पास वार कर गंभीर चोट पहुंचाई। किसी तरह मौका पाकर आकाश वहां से भाग निकला और थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में बीएनएस की धारा 296, 351(3), 115(2), 109, 3(5) तथा 25-27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
डीआईजी एवं एसएसपी राजेश अग्रवाल के निर्देश पर गांधीनगर पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने आरोपी वंश कुमार झा उर्फ वंश पंडित (20), निवासी नमनाकला, शनि मंदिर के पास को पकडक़र पूछताछ की। पूछताछ में उसने घटना में शामिल होना स्वीकार किया।
आरोपी ने पुलिस को बताया कि वारदात में इस्तेमाल चाकू उसने घटनास्थल के आसपास फेंक दिया है। पुलिस ने बताए स्थान पर चाकू की तलाश की, लेकिन वह बरामद नहीं हो सका। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस टीम जुटी हुई है।