सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर,10 सितंबर। सरगुजा जिले के ग्राम रनपुरखुर्द में करोड़ों रुपये की शासकीय एवं निजी भूमि को कथित तौर पर फर्जी दस्तावेजों के जरिए हड़पने का मामला सामने आया है। मामले में पीडि़त रामाधार राजवाड़े ने मुख्यमंत्री, पुलिस महानिरीक्षक, पुलिस अधीक्षक समेत शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों को शिकायत सौंपकर निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। शिकायत में भू-माफियाओं और कथित फर्जी वारिसों की मिलीभगत से भूमि हड़पने का आरोप लगाया गया है।
शिकायत के अनुसार ग्राम रनपुरखुर्द स्थित खसरा नंबर 93/4, रकबा 0.745 हेक्टेयर भूमि पर रामाधार राजवाड़े पिछले करीब 40 वर्षों से काबिज होकर खेती-बाड़ी करते आ रहे हैं। बताया गया है कि उक्त भूमि स्वर्गीय महेन्द्र प्रसाद, पिता नानसाय कंवर के नाम थी। महेन्द्र प्रसाद की वर्ष 2003 में अविवाहित एवं नि:संतान मृत्यु होने का दावा शिकायत में किया गया है।
पीडि़त का आरोप है कि भूमि पर कब्जा करने के उद्देश्य से कुछ लोगों ने कथित रूप से फर्जी वंशावली तैयार कर अमरसाय सिंह और मानकुंवर आदि के परिजनों को महेन्द्र प्रसाद का वारिस बताया।
रामाधार राजवाड़े ने आरोप लगाया है कि मामले की जांच के दौरान कथित रूप से महत्वपूर्ण साक्ष्य सामने आने के बावजूद निचले स्तर के कुछ कर्मचारियों एवं अधिकारियों की मिलीभगत से जांच संबंधी दस्तावेजों और फाइलों में हेरफेर किया गया। इससे कथित भू-माफियाओं और फर्जी वारिसों को लाभ पहुंचाने का प्रयास किया गया।
पीडि़त ने पूरे मामले की निष्पक्ष उच्चस्तरीय जांच कराने, फर्जी वंशावली एवं कूटरचित दस्तावेजों की जांच करने तथा दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। मामले में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि होना अभी बाकी है।