सरगुजा

होली क्रॉस कॉलेज में 1200 छात्राओं को सिखाए साइबर सुरक्षा के गुर
10-Sep-2026 3:17 PM
 होली क्रॉस कॉलेज में 1200 छात्राओं को सिखाए साइबर सुरक्षा के गुर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 10 सितंबर। साइबर अपराधों से बचाव और महिलाओं एवं छात्राओं को डिजिटल रूप से सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से सरगुजा पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ‘साइबर जागृति अभियान’ के तहत बुधवार को होली क्रॉस विमेंस कॉलेज में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कॉलेज की करीब 1200 छात्राओं और 20 शिक्षक-शिक्षिकाओं ने हिस्सा लिया।

पुलिस अधिकारियों और साइबर सेल की टीम ने छात्राओं को सोशल मीडिया के बढ़ते खतरों, ऑनलाइन ठगी, साइबर बुलिंग, ब्लैकमेलिंग और निजी जानकारी के दुरुपयोग से बचने के उपाय बताए। छात्राओं को इंस्टाग्राम, फेसबुक और व्हाट्सएप जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर टू-स्टेप वेरिफिकेशन सक्रिय रखने, प्रोफाइल लॉक करने और अनजान लोगों की फ्रेंड रिच्ेस्ट स्वीकार नहीं करने की सलाह दी गई।

ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी को लेकर पुलिस ने विशेष सावधानी बरतने की अपील की। लॉटरी, पार्ट-टाइम नौकरी और अन्य आकर्षक ऑफर के नाम पर भेजे जाने वाले फर्जी लिंक से बचने तथा किसी भी व्यक्ति के साथ ओटीपी, यूपीआई पिन और बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी साझा नहीं करने की जानकारी दी गई।

साइबर एक्सपर्ट ने छात्राओं को बताया कि सोशल मीडिया पर फेक प्रोफाइल बनाकर ब्लैकमेल या परेशान किए जाने की स्थिति में डरने के बजाय तत्काल पुलिस से संपर्क करना चाहिए। साथ ही असुरक्षित वेबसाइट या संदिग्ध ऐप पर निजी तस्वीरें और संवेदनशील जानकारी अपलोड नहीं करने की हिदायत दी गई।

कार्यक्रम में छात्राओं को साइबर अपराध की शिकायत के लिए  राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 और ष्4ड्ढद्गह्म्ष्ह्म्द्बद्वद्ग.द्दश1.द्बठ्ठ पोर्टल की जानकारी भी दी गई।

कार्यक्रम में कॉलेज की प्राचार्य सिस्टर शांता जोसेफ, उप प्राचार्य सिस्टर मंजू टोप्पो, ‘नवा बिहान’ संस्था के मंगल पांडे, अजय तिवारी, संतोष दास, हीना खान सहित उप निरीक्षक अभय तिवारी, साइबर सेल प्रभारी सहायक उप निरीक्षक अजीत मिश्रा, साइबर एक्सपर्ट आरक्षक अनुज जायसवाल, अमन पुरी और अविनाश सोनवानी मौजूद रहे।

सरगुजा पुलिस के अनुसार जिले के सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों में भी साइबर जागृति अभियान के तहत प्रतिदिन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर महिलाओं और छात्राओं को साइबर अपराधों से सतर्क एवं सुरक्षित रहने के लिए जानकारी दी जा रही है।


अन्य पोस्ट