सरगुजा

मामूली बात पर अफसर के बेटे और दोस्तों को बेल्ट-लात-घूंसों से पीटा, धमकी
09-Sep-2026 9:17 PM
मामूली बात पर अफसर के बेटे और दोस्तों को बेल्ट-लात-घूंसों से पीटा, धमकी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 9 सितंबर। शहर के बौरीपारा तालाब के पास आईपीएस अधिकारी रवि कुर्रे के पुत्र लेखांश कांत और उनके दोस्तों के साथ मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है।

आरोप है कि नाम लेने जैसी मामूली बात को लेकर विवाद शुरू हुआ और आरोपियों ने युवकों पर लात-घूंसों व बेल्ट से हमला कर दिया। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की है। मामले में पुलिस ने गोलू उर्फ गणेश, रतन गुप्ता, कोया डॉन, आशुतोष गुप्ता एवं अन्य के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

एफआईआर के अनुसार घटना 7 सितंबर की रात करीब 10 बजे की है। लेखांश कांत अपने दोस्त विशाल सोनी और रोमी खान के साथ कार से बौरीपारा तालाब क्षेत्र में गए थे। इसी दौरान प्रेम गुप्ता के घर के पास कुछ दूरी पर कार रोककर बातचीत कर रहे थे। वहां गोलू उर्फ गणेश, रतन गुप्ता, कोया डॉन, आशुतोष गुप्ता सहित अन्य युवक भी मौजूद थे।

एफआईआर में लेखांश कांत ने बताया है कि बातचीत के दौरान गोलू उर्फ गणेश का नाम लिया गया। इसी बात पर रतन गुप्ता एवं कोया डॉन ने कथित तौर पर आपत्ति जताते हुए कहा कि गोलू का नाम क्यों लिया। आरोप है कि इसके बाद दोनों ने विवाद शुरू कर दिया। इसी दौरान गोलू उर्फ गणेश भी मौके पर पहुंच गया।

शिकायत के मुताबिक आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और लेखांश का हाथ पकड़ लिया। इसके बाद रतन गुप्ता, कोया डॉन, आशुतोष गुप्ता एवं उनके अन्य साथियों ने हाथ-मुक्के, लात और बेल्ट से मारपीट शुरू कर दी। शिकायत में आरोप है कि कोया डॉन ने गला दबाने का भी प्रयास किया।

मारपीट के दौरान लेखांश के दोस्तों ने बीच-बचाव कर उसे आरोपियों से छुड़ाया। एफआईआर में मारपीट से शरीर के विभिन्न हिस्सों में चोट लगने की बात कही गई है। घटना के बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई।  कोतवाली पुलिस ने 8 सितंबर की रात एफआईआर दर्ज की है।

 उपलब्ध एफआईआर के मुताबिक आरोपियों के खिलाफ बीएनएस, 2023 की धारा 296, 351(3), 115(2) और 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।


अन्य पोस्ट