सरगुजा

डंपरों की टक्कर में चालक की मौत
09-Sep-2026 9:14 PM
डंपरों की टक्कर में चालक की मौत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 9 सितंबर। पत्थलगांव क्षेत्र में दो डंपरों की टक्कर में गंभीर रूप से घायल चालक की उपचार के लिए अंबिकापुर लाए जाने के बाद मौत हो गई। मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले के ग्राम लभरी निवासी दशरथ (51 वर्ष) के रूप में हुई है। वह दिलीप बिल्डकॉन कंपनी में वाहन चालक के पद पर कार्यरत था।

जानकारी के अनुसार दशरथ वर्ष 2017 से दिलीप बिल्डकॉन कंपनी, भोपाल में चालक के रूप में काम कर रहा था। वर्तमान में कंपनी का काम पत्थलगांव क्षेत्र में चल रहा है, जहां उसकी ड्यूटी लगी हुई थी।

बताया गया कि 7 सितंबर की रात करीब 11 बजे दशरथ डंपर क्रमांक एमएच-15 जीआर-1371 में मिट्टी लोड कर पत्थलगांव के मुंडापारा की ओर जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में उसके डंपर की एक अन्य डंपर से टक्कर हो गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि दशरथ को गंभीर चोटें आईं।

दुर्घटना के बाद घायल चालक को तत्काल पत्थलगांव अस्पताल ले जाया गया। गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर उपचार के लिए अंबिकापुर रेफर कर दिया गया। यहां उसे पहले एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

स्थिति गंभीर बने रहने पर 8 सितंबर को उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर लाया गया, जहां आपातकालीन विभाग में चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

चालक की मौत की सूचना के बाद पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर लिया है। शव का पोस्टमार्टम कराने के साथ दुर्घटना के संबंध में आगे की जांच की जा रही है।


अन्य पोस्ट