सरगुजा

पुलिस डॉग कोका की निशानदेही से 2 लाख की चोरी का खुलासा, 2 बंदी
08-Sep-2026 9:36 PM
 पुलिस डॉग कोका की निशानदेही से 2 लाख की चोरी का खुलासा, 2 बंदी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर,8 सितंबर। दरिमा थाना क्षेत्र के मोतीपुर में दुकान से हुई करीब दो लाख रुपये की चोरी का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की पूरी रकम से अधिक 2 लाख 8 हजार 580 रुपये नकद बरामद करने का दावा किया है। मामले के खुलासे में पुलिस डॉग ‘कोका’ की अहम भूमिका रही।

पुलिस के अनुसार ग्राम मोतीपुर भाठापारा निवासी सुरेश महाजन 4 सितंबर को गुमला, झारखंड गए थे। अगले दिन वापस लौटने पर दुकान में लगा डीवीआर और करीब दो लाख रुपये गायब मिले। शिकायत पर दरिमा थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल के निर्देश पर पुलिस टीम ने फॉरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल की जांच की। मौके से मिले कपड़े को पुलिस डॉग कोका से पहचान कराई गई। पुलिस के मुताबिक कपड़े की गंध के आधार पर कोका सीधे संदिग्धों के घर तक पहुंच गया। इसके बाद पुलिस ने संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पुलिस के मुताबिक पूछताछ में सिद्धार्थ निषाद उर्फ रानू (25), निवासी मोतीपुर और कबीर दास उर्फ विक्की (21), निवासी मोतीपुर ने मिलकर चोरी करना स्वीकार किया। दोनों आरोपी पूर्व में दुकान में काम कर चुके हैं। पुलिस का कहना है कि दोनों काफी समय से दुकान में चोरी की योजना बना रहे थे।

जांच में सामने आया कि आरोपियों ने दुकान में लगे डीवीआर को तोडक़र उसके टुकड़े कर बेलखरिखा नदी में फेंक दिए थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।

मामले के खुलासे में पुलिस डॉग हैंडलर आरक्षक कुलेश्वर साहू, नीरज वर्मा एवं डॉग कोका की भूमिका की सराहना की गई। डीआईजी एवं एसएसपी ने पुलिस टीम और डॉग स्क्वाड को पुरस्कृत करने की घोषणा की है।


अन्य पोस्ट