सरगुजा
अंबिकापुर,8 सितंबर। भाजपा जिला कार्यसमिति सदस्य रोचक गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय अर्थव्यवस्था ने एक बार फिर अपनी मजबूती और विकास क्षमता का परिचय दिया है। देश ने 7.8 प्रतिशत की सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) वृद्धि दर दर्ज की है, जो अर्थव्यवस्था की मजबूत बुनियाद और बढ़ती आर्थिक गतिविधियों का सकारात्मक संकेत है।
रोचक गुप्ता ने कहा कि सकल घरेलू उत्पाद में तेज वृद्धि से उद्योग, व्यापार, रोजगार और निवेश के क्षेत्र में सकारात्मक प्रभाव पड़ता है। आर्थिक गतिविधियों के विस्तार से नए उद्योग एवं व्यवसाय स्थापित होने तथा रोजगार के अवसर बढऩे की संभावनाएं मजबूत होती हैं। इससे लोगों की आय में वृद्धि के साथ आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलती है।
उन्होंने कहा कि मजबूत आर्थिक विकास से सरकार के कर राजस्व में वृद्धि की संभावना रहती है। इससे सडक़, रेलवे, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य आधारभूत सुविधाओं के विकास में अधिक निवेश किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि तेज आर्थिक वृद्धि भारत को वैश्विक अर्थव्यवस्था में और मजबूत स्थान दिलाने के साथ आत्मनिर्भर एवं विकसित भारत के लक्ष्य को भी गति प्रदान करेगी।
गुप्ता ने कहा कि लगातार तेज आर्थिक वृद्धि से भारत विदेशी कंपनियों के लिए एक बड़ा और आकर्षक बाजार बन सकता है। इससे देश में विदेशी निवेश की संभावनाएं भी बढ़ेंगी। अर्थव्यवस्था का आकार तेजी से बढऩे के साथ भारत के विकसित अर्थव्यवस्था बनने की गति तेज हो सकती है।
उन्होंने कहा कि 7.8 प्रतिशत की आर्थिक वृद्धि देश की क्षमता और विकास की गति का सकारात्मक संकेत है। यह वृद्धि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को शक्ति और गति प्रदान करेगी।