सरगुजा
सेवा संकल्प अभियान पर भाजपा की जिला कार्यशाला व वृहद कार्यसमिति बैठक
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर,7 सितंबर। भारतीय जनता पार्टी सरगुजा की ओर से आगामी सेवा संकल्प अभियान को लेकर रविवार को स्थानीय राजमोहिनी भवन में जिला कार्यशाला एवं वृहद जिला कार्यसमिति बैठक आयोजित की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता के चित्र पर पुष्प अर्पित करने एवं वंदेमातरम् गीत के साथ हुआ। बैठक में छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
बैठक में भाजपा प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी, मंत्री राजेश अग्रवाल, सरगुजा संभाग प्रभारी अवधेश सिंह चंदेल, जिला प्रभारी कृष्णकांत चंद्रा, जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया, गृह निर्माण मंडल अध्यक्ष अनुराग सिंह देव तथा सेवा संकल्प अभियान के जिला समन्वयक एवं विधायक रामकुमार टोप्पो सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।
मुख्य अतिथि मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से एक माह तक संगठन द्वारा सेवा अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इन योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचा है।
उन्होंने प्रधानमंत्री के कोरोना काल के प्रबंधन और वैक्सीनेशन अभियान का भी उल्लेख किया।
मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं से देश के प्रत्येक वर्ग को लाभ मिला है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से प्रधानमंत्री के जन्मदिन के अवसर पर सेवा गतिविधियों के माध्यम से जनभागीदारी बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने सरगुजा में भाजपा सरकार के कार्यकाल में हुए सडक़ निर्माण कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि जिले में बड़े पैमाने पर सडक़ें बनाई गई हैं। बारिश के कारण क्षतिग्रस्त सडक़ों की मरम्मत एवं निर्माण कार्य भी जल्द शुरू किए जाएंगे।
प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश में जनधन, उज्ज्वला, प्रधानमंत्री आवास और स्वच्छ भारत अभियान जैसी योजनाओं से आम लोगों के जीवन में बदलाव आया है।
उन्होंने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की उपलब्धियों को कार्यकर्ताओं को जनता तक पहुंचाना होगा।
अनुराग सिंह देव ने पूर्ववर्ती सरकार के कार्यकाल की सडक़ों की स्थिति और भाजपा शासन में हुए सडक़ निर्माण कार्यों का उल्लेख किया। वहीं संभाग प्रभारी अवधेश चंदेल एवं जिला प्रभारी कृष्णकांत चंद्रा ने संगठनात्मक गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने पर जोर दिया। विधायक रामकुमार टोप्पो ने आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा प्रस्तुत की।
जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान संगठन के सेवा, सुशासन और जनकल्याण के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभियान को पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ सफल बनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम का संचालन विनोद हर्ष एवं अरुणा सिंह ने किया तथा आभार वैभव सिंह देव ने व्यक्त किया।