सरगुजा
एसजीएफआई में करेंगे एनवीएस का प्रतिनिधित्व
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 7 सितंबर। जवाहर नवोदय विद्यालय अंबिकापुर के छात्र चंद्रशेखर प्रधान ने गुजरात के डांग जिले में आयोजित जवाहर नवोदय विद्यालयों की राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर सरगुजा का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। चंद्रशेखर ने 100 मीटर और 200 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक हासिल किया, जबकि 4&100 मीटर रिले में रजत पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर चंद्रशेखर को देशभर के करीब 700 जवाहर नवोदय विद्यालयों से आए खिलाडिय़ों में ‘सर्वश्रेष्ठ एथलीट’ के सम्मान से नवाजा गया। इसके साथ ही उनका चयन स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसजीएफआई) के लिए हुआ है, जहां वे नवोदय विद्यालय समिति (एनवीएस) का प्रतिनिधित्व करेंगे।
चंद्रशेखर की उपलब्धि पर विद्यालय के प्राचार्य राजू दुबे ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास के बल पर विद्यार्थी राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना सकते हैं। खेल प्रशिक्षक सालोमी इक्का और अजय पांडेय ने उनकी सफलता को नियमित अभ्यास, आत्मविश्वास और समर्पण का परिणाम बताया।
चंद्रशेखर की उपलब्धि से विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है। शिक्षकों और विद्यालय परिवार ने उन्हें बधाई देते हुए एसजीएफआई प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दी हैं।