सरगुजा
दशहरा आयोजन पर नागरिक सेवा समिति की बैठक
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 7 सितंबर। आगामी दशहरा पर्व पर आयोजित होने वाले सार्वजनिक रावण दहन कार्यक्रम को लेकर नागरिक सेवा समिति की आवश्यक बैठक समिति के वरिष्ठ सदस्य अजय अग्रवाल के निवास पर आयोजित की गई। बैठक में रावण दहन कार्यक्रम की तैयारियों और आयोजन की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में सदस्यों ने कहा कि पिछले कई वर्षों से नागरिक सेवा समिति, सरगुजा सेवा समिति एवं जिला प्रशासन की समान भागीदारी से शहर का यह प्रमुख आयोजन संपन्न होता आ रहा है। हालांकि, पिछले कुछ वर्षों से नागरिक सेवा समिति के सदस्य स्वयं को आयोजन में अपेक्षित रूप से शामिल नहीं किए जाने के कारण उपेक्षित महसूस कर रहे हैं। सदस्यों ने कहा कि शहर के इस महत्वपूर्ण आयोजन को लेकर किसी भी प्रकार की गलतफहमी या मनभेद की स्थिति नहीं बननी चाहिए।
बैठक में आपसी सामंजस्य और समन्वय के साथ रावण दहन कार्यक्रम को भव्य एवं व्यवस्थित तरीके से आयोजित करने पर जोर दिया गया। इसी उद्देश्य से नागरिक सेवा समिति की ओर से सरगुजा सेवा समिति के अध्यक्ष को पत्र भी प्रेषित किया गया है। समिति ने उम्मीद जताई कि सभी संबंधित पक्ष मिल-जुलकर पूरे उत्साह और सहयोग के साथ आयोजन को सफल बनाएंगे, ताकि दशहरा का यह प्रमुख कार्यक्रम शहरवासियों के लिए अविस्मरणीय बन सके।
बैठक में अजय अग्रवाल, त्रिलोक कपूर कुशवाहा, जेपी श्रीवास्तव, शफी अहमद, द्वितेंद्र मिश्रा, राजीव अग्रवाल, नुरुल अमीन सिद्दीकी, नीरज पांडे, राधे कृष्ण गोयल, जीवन यादव, चंद्र प्रकाश सिंह, अभिषेक शुक्ला, संदीप जायसवाल, ऋषभ गर्ग, सुनील गोयल, विवेक अग्रवाल, दुर्गेश गुप्ता, आशीष जायसवाल, अंकित जायसवाल, दिनेश शर्मा, विकास शर्मा एवं दीपक कुमार सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।