सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 7 सितंबर। डिजिटल युग में बढ़ते साइबर अपराधों से नागरिकों को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ‘साइबर जागृति अभियान’ के तहत सरगुजा पुलिस ने महिलाओं और छात्राओं के लिए विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए।
डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल के मार्गदर्शन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रितेश चौधरी के नेतृत्व में महिला महाविद्यालयों की छात्राओं, सामुदायिक समूहों और विभिन्न महिला संगठनों से जुड़ी महिलाओं को साइबर सुरक्षा की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में स्मार्टफोन की गोपनीयता सेटिंग मजबूत करने, ऐप्स को अनावश्यक कैमरा, गैलरी व लोकेशन की अनुमति नहीं देने तथा सुरक्षित इंटरनेट उपयोग के तरीके बताए गए। फेसबुक, इंस्टाग्राम और वाट्सऐप जैसे सोशल मीडिया खातों में दोहरी सुरक्षा सुविधा लागू करने और प्रोफाइल सुरक्षित रखने पर जोर दिया गया।
महिलाओं को लॉटरी, इनाम, मुफ्त रिचार्ज और फर्जी नौकरी के नाम पर भेजे जाने वाले संदिग्ध लिंक से सावधान रहने की सलाह दी गई। निजी तस्वीरें, लाइव लोकेशन, आधार और बैंक संबंधी जानकारी साझा नहीं करने तथा साइबर उत्पीडऩ की स्थिति में ब्लॉक और रिपोर्ट विकल्प का उपयोग करने की जानकारी दी गई।
पुलिस ने साइबर अपराध की शिकायत के लिए राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल और 1930 हेल्पलाइन की जानकारी भी दी।