सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 6 सितंबर। झीरम घाटी हमले के 13 वर्ष बाद एनआईए कोर्ट के फैसले को कांग्रेस ने आधा-अधूरा न्याय बताते हुए जांच एजेंसी की विवेचना पर गंभीर सवाल उठाए हैं। फैसले के बाद जिला कांग्रेस कमेटी सरगुजा की ओर से राजीव भवन में पत्रकार वार्ता आयोजित की गई। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि घटना के पीछे के कथित बड़े षड्यंत्र और प्रमुख नक्सली नेताओं की भूमिका की जांच पूरी गंभीरता से नहीं की गई।
पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कांग्रेस जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने आरोप लगाया कि एनआईए ने शुरुआत से ही मामले की जांच को छोटे स्तर के नक्सलियों तक सीमित रखा। उन्होंने दावा किया कि बड़े नक्सली नेताओं की गिरफ्तारी और आत्मसमर्पण के बावजूद उनके खिलाफ चार्जशीट दाखिल नहीं की गई और न ही उनसे पूछताछ कर घटना के पीछे के कथित राजनीतिक षड्यंत्र को सामने लाने का प्रयास किया गया।
पाठक ने कहा कि पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव, जो परिवर्तन यात्रा के संयोजक थे, ने एनआईए को ऐसे कई साक्ष्य उपलब्ध कराए थे, जो कथित षड्यंत्र की ओर इशारा करते थे। उनके अनुसार, घटना में आहत लोगों और रिपोर्टकर्ता तक के बयान दर्ज नहीं किए गए। उन्होंने यात्रा के रूट पर सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने का मुद्दा भी उठाया।
प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष जेपी श्रीवास्तव ने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में मामले की जांच के लिए एसआईटी गठित की गई थी, लेकिन एनआईए की कार्रवाई के चलते एसआईटी की जांच पर न्यायालय से रोक लग गई थी। उन्होंने कहा कि अब सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद एसआईटी को जांच का अवसर मिलने की बात सामने आई है, लेकिन राज्य सरकार इस मामले में ढाई साल से चुप्पी साधे हुए है।
नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद ने कहा कि कांग्रेस न्यायालय के फैसले का सम्मान करती है, लेकिन उसका सवाल जांच की दिशा को लेकर है। उन्होंने आरोप लगाया कि एफआईआर में नामजद बताए गए प्रमुख नक्सली कमांडरों गणपति और रमन्ना के नाम चार्जशीट में नहीं होने से एनआईए की जांच पर सवाल खड़े होते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मामले में न्याय के लिए सुप्रीम कोर्ट तक जाने का प्रयास करेगी।
प्रदेश कांग्रेस महामंत्री द्वितेंद्र मिश्रा ने कहा कि 13 वर्ष बाद आया फैसला इसलिए निराशाजनक है क्योंकि कांग्रेस के अनुसार जांच में दोषियों को सामने लाने से ज्यादा महत्वपूर्ण तथ्यों को छिपाया गया। उन्होंने भाजपा शासनकाल में मामले की जांच को लेकर भी सवाल उठाए और कथित राजनीतिक षड्यंत्र की निष्पक्ष जांच की मांग की।
पत्रकार वार्ता में 20 सूत्रीय कार्यक्रम के पूर्व उपाध्यक्ष अजय अग्रवाल, पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश गुप्ता, हेमंत सिन्हा, मो. इस्लाम, इंद्रजीत सिंह धंजल, नुरुल अमीन सिद्दीकी, लोकेश कुमार, जमील खान, नरेंद्र विश्वकर्मा, दिनेश शर्मा, आशीष जायसवाल, अविनाश कुमार, विकास शर्मा सहित कांग्रेस के अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।