सरगुजा

महिला चिकित्सक ने 65 लाख की धोखाधड़ी और जातिगत अपमान का लगाया आरोप, 2 पर जुर्म दर्ज
04-Sep-2026 8:52 PM
महिला चिकित्सक ने 65 लाख की धोखाधड़ी और जातिगत अपमान का लगाया आरोप, 2 पर जुर्म दर्ज

अंबिकापुर, 4 सितंबर। शहर के एक निजी अस्पताल के संचालन से जुड़े विवाद में महिला चिकित्सक की शिकायत पर पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायत में करीब 65 लाख रुपए की कथित वित्तीय धोखाधड़ी, जातिगत रूप से अपमानित करने और जान से मारने की धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं। एफआईआर में दर्ज आरोपों की सत्यता की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है।

एफआईआर के अनुसार शिकायतकर्ता डॉ. दीपिका टोप्पो ने सुशील कुमार राय और नवीन द्विवेदी के खिलाफ शिकायत की है। महिला चिकित्सक का आरोप है कि आरोपियों ने अस्पताल संचालन से संबंधित खाते से उनकी जानकारी और सहमति के बिना करीब 65 लाख रुपए की वित्तीय धोखाधड़ी की। दस्तावेज मांगे जाने के बाद विवाद बढऩे का भी उल्लेख शिकायत में किया गया है।

शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि 3 जुलाई को अस्पताल प्रबंधन से ट्रांजेक्शन, पासबुक सहित अन्य दस्तावेज मांगे गए थे। आरोप है कि इसी दौरान उन्हें जातिसूचक शब्दों से अपमानित करते हुए धमकियां दी गईं। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि अस्पताल पर कब्जा होने की बात कहते हुए उन्हें अस्पताल नहीं चलाने देने और मजदूरी-खेती करने जैसी बातें भी कही गईं।

एफआईआर के मुताबिक महिला चिकित्सक ने इस संबंध में अजाक थाने सहित पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के समक्ष शिकायत की थी। आरोप है कि इसके बाद भी उन्हें धमकाने का सिलसिला जारी रहा। शिकायत में यह भी कहा गया है कि 4 अगस्त को फोन के माध्यम से अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए जान से मारने की धमकी दी गई। कथित बातचीत की ऑडियो सीडी भी शिकायत के साथ दिए जाने का उल्लेख है।

महिला चिकित्सक ने शिकायत में कहा है कि लगातार कथित धमकियों और अपमान के कारण उनका परिवार भय के माहौल में है। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी है।


अन्य पोस्ट