सरगुजा

राज्यपाल पुरस्कार पाने जा रही प्रधान पाठक का स्कूल बुनियादी सुविधाओं से वंचित
04-Sep-2026 8:51 PM
राज्यपाल पुरस्कार पाने जा रही प्रधान पाठक का स्कूल बुनियादी सुविधाओं से वंचित

सामाजिक कार्यकर्ता परवेज आलम गांधी ने कलेक्टर को सौंपा आवेदन, शौचालय-पेयजल की मांग

अंबिकापुर, 4 सितंबर। सरगुजा जिला के अंबिकापुर गांधीनगर स्थित प्राथमिक शाला में पेयजल और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं की कमी को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता परवेज आलम गांधी ने कलेक्टर को आवेदन सौंपकर तत्काल व्यवस्था कराने की मांग की है। आवेदन में बताया गया है कि विद्यालय में करीब 125 बच्चे अध्ययनरत हैं, लेकिन उन्हें पेयजल और शौचालय की सुविधा के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

आवेदन में कहा गया है कि विद्यालय में बुनियादी सुविधाओं का अभाव बच्चों के स्वास्थ्य, स्वच्छता और सम्मान से जुड़ा गंभीर विषय है। छोटे बच्चों के लिए स्कूल में सुरक्षित और स्वच्छ पेयजल तथा पर्याप्त शौचालय की व्यवस्था होना जरूरी है।

सामाजिक कार्यकर्ता ने आवेदन में यह भी उल्लेख किया है कि विद्यालय की प्रधान पाठक रेखा राय को शिक्षक दिवस के अवसर पर राज्यपाल पुरस्कार से सम्मानित किया जाना प्रस्तावित है। ऐसे में विद्यालय में आवश्यक मूलभूत सुविधाओं की कमी को लेकर सवाल उठाए गए हैं। आवेदन में प्रधान पाठक के संबंध में जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में शिकायत लंबित होने का भी उल्लेख किया गया है।

स्थायी पेयजल व्यवस्था और शौचालय निर्माण की मांग
कलेक्टर को सौंपे आवेदन में विद्यालय में पर्याप्त संख्या में शौचालयों का निर्माण कराने, स्वच्छ पेयजल की स्थायी व्यवस्था करने तथा संबंधित विभाग को कार्य जल्द पूरा कराने के लिए आवश्यक निर्देश देने की मांग की गई है।

आवेदनकर्ता ने कहा कि बच्चों को पानी और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना विद्यालय की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने जिला प्रशासन से बालहित और जनहित के इस विषय को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक राशि स्वीकृत कर जल्द कार्य शुरू कराने का आग्रह किया है।


अन्य पोस्ट