सरगुजा

छत्तीसगढ़ में पहली बार शुरू हुआ बाल अधिकार संरक्षण का पीजी डिप्लोमा
04-Sep-2026 3:26 PM
छत्तीसगढ़ में पहली बार शुरू हुआ बाल अधिकार संरक्षण का पीजी डिप्लोमा

संत गहिरा गुरु विवि में 30 विद्यार्थियों ने लिया प्रवेश

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 4 सितंबर। बच्चों के अधिकारों के संरक्षण और संवर्धन के क्षेत्र में प्रशिक्षित स्वयंसेवक तैयार करने की दिशा में छत्तीसगढ़ राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने महत्वपूर्ण पहल की है। शैक्षणिक सत्र 2026 में आयोग के ‘रक्षक कार्यक्रम’ के तहत पीजी डिप्लोमा इन प्रोटेक्शन ऑफ चाइल्ड राइट्स पाठ्यक्रम राज्य के छह विश्वविद्यालयों में शुरू किया गया है। देश में पहली बार इस तरह का पाठ्यक्रम छत्तीसगढ़ में प्रारंभ किया गया है।

इस पहल के तहत संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय, सरगुजा, अंबिकापुर की भी महत्वपूर्ण सहभागिता रही है। आयोग और राज्य के छह विश्वविद्यालयों के बीच एमओयू के बाद पाठ्यक्रम के संचालन के लिए निर्धारित सिलेबस और ऑर्डिनेंस तैयार किए गए। इसके लिए रायपुर में विश्वविद्यालयों के प्रतिनिधियों की कार्यशाला आयोजित कर पाठ्यक्रम में एकरूपता और समन्वय सुनिश्चित किया गया। विश्वविद्यालय में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए थे। कुल 80 आवेदनों में से योग्य अभ्यर्थियों के चयन के लिए 11 जून 2026 को प्रवेश परीक्षा आयोजित की गई। मेरिट सूची और राज्य सरकार के आरक्षण प्रावधानों के आधार पर कुल 30 विद्यार्थियों का चयन किया गया। 19 जून से कक्षाएं शुरू हो चुकी हैं। यह पाठ्यक्रम विश्वविद्यालय के विधि विभाग के अंतर्गत संचालित हो रहा है।

छात्राओं की संख्या अधिक-पाठ्यक्रम में 18 छात्राओं और 12 छात्रों ने प्रवेश लिया है। इनमें एसटी वर्ग से 5 छात्राएं और 3 छात्र, एससी वर्ग से 1 छात्रा और 1 छात्र, ओबीसी वर्ग से 7 छात्राएं और 7 छात्र तथा अनारक्षित वर्ग से 5 छात्राएं और 2 छात्रों का चयन हुआ है। दो सेमेस्टर में होगा पाठ्यक्रम-एक वर्ष के इस डिप्लोमा को दो सेमेस्टर में विभाजित किया गया है। पहले सेमेस्टर में अंतरराष्ट्रीय एवं भारतीय बाल अधिकार कानून, किशोर न्याय अधिनियम-2015 तथा बाल अधिकार संरक्षण से जुड़े आयोगों की कार्यप्रणाली का अध्ययन कराया जाएगा।

 इसके साथ ही विद्यार्थियों को क्षेत्र में जाकर आंकड़ों के आधार पर रिपोर्ट तैयार करने और उसका प्रस्तुतीकरण करने का प्रशिक्षण मिलेगा।

दूसरे सेमेस्टर में किशोर न्याय अधिनियम के तहत दत्तक ग्रहण, बच्चों को लैंगिक हिंसा से संरक्षण तथा शिक्षा के अधिकार से संबंधित कानूनों की पढ़ाई होगी। पाठ्यक्रम में पॉलिसी ड्राफ्टिंग एवं वाइवा भी शामिल है, जिसमें विद्यार्थी बाल अधिकारों से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए नीति तैयार करेंगे। इसका मूल्यांकन बाह्य परीक्षक द्वारा किया जाएगा।

विधि विभाग के शिक्षकों द्वारा फिलहाल अध्यापन कराया जा रहा है। आगे समाजशास्त्र एवं मानविकी विषयों के विशेषज्ञ शिक्षकों को भी अध्यापन से जोड़ा जाएगा।

 

कुलपति ने दी शुभकामनाएं

 

संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राजेंद्र लाकपाले ने इस पीजी डिप्लोमा पाठ्यक्रम के प्रारंभ होने पर विधि विभाग एवं संबंधित शिक्षकों को शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने पाठ्यक्रम में अध्ययनरत विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए बाल अधिकारों के संरक्षण के क्षेत्र में उनके योगदान की उम्मीद जताई।


अन्य पोस्ट