सरगुजा

मंत्री के काफिले की कार पर गिरा बूम बैरियर, टोलकर्मी की पिटाई का वीडियो फैला
03-Sep-2026 8:35 PM
मंत्री के काफिले की कार पर गिरा बूम बैरियर, टोलकर्मी की पिटाई का वीडियो फैला

लहपटरा टोल प्लाजा में आधी रात हुआ विवाद, पीडि़त कर्मी ने थाने पहुंचकर की कार्रवाई की मांग

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 3 सितंबर। अंबिकापुर-बिलासपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-130 पर लहपटरा टोल प्लाजा में बुधवार की देर रात मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के काफिले के गुजरने के दौरान विवाद की स्थिति बन गई। काफिले के एक वाहन पर अचानक बूम बैरियर गिर गया। इसके बाद काफिले में शामिल कुछ लोग वाहन से उतरे और टोल कर्मचारियों से घटना की जानकारी ली। इसी दौरान एक टोलकर्मी के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है।

घटना का सीसीटीवी फुटेज अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। फुटेज में एक व्यक्ति टोल कर्मचारी को थप्पड़ मारता दिखाई दे रहा है। वहीं, कर्मचारी हाथ जोडक़र माफी मांगते हुए नजर आ रहा है। वीडियो सामने आने के बाद घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चा तेज हो गई है।

जानकारी के अनुसार, बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात करीब 12 से 12.30 बजे के बीच मंत्री का काफिला लहपटरा टोल प्लाजा से गुजर रहा था। इसी दौरान बूम बैरियर काफिले के एक वाहन पर जा गिरा। घटना से नाराज काफिले में शामिल लोगों ने टोल कर्मचारियों से पूछताछ की। इसके बाद बैरियर संचालन से जुड़े कर्मचारी के साथ कथित तौर पर मारपीट की गई।

हालांकि वायरल वीडियो में नजर आ रहे व्यक्ति की पहचान और काफिले में उसकी भूमिका को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है। इस संबंध में पुलिस जांच के बाद ही स्थिति साफ होने की बात कही जा रही है।

ग्रामीणों में आक्रोश, थाने में सौंपा आवेदन

मारपीट की घटना के बाद पीडि़त टोलकर्मी अन्य कर्मचारियों और ग्रामीणों के साथ लखनपुर थाना पहुंचा। यहां पुलिस को लिखित शिकायत देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई। घटना में मंत्री के काफिले का नाम सामने आने के बाद मामला राजनीतिक और प्रशासनिक स्तर पर भी चर्चा का विषय बन गया है।

वहीं, टोलकर्मी के साथ कथित मारपीट से लहपटरा के ग्रामीणों में नाराजगी है। ग्रामीणों ने पीडि़त कर्मचारी का समर्थन करते हुए दोषी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

 मामले में पुलिस ने शिकायत और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू करने की बात कही है। जांच के बाद ही मारपीट करने वाले व्यक्ति की पहचान और घटना की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।


अन्य पोस्ट