सरगुजा
रोजगारपरक कौशल, संचार और व्यक्तित्व विकास पर रहेगा जोर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 3 सितंबर। संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय, सरगुजा और नांदी फाउंडेशन, हैदराबाद के बीच महिला सशक्तिकरण एवं कौशल विकास को लेकर गुरुवार को समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। विश्वविद्यालय के दार्रीपारा सिटी कैंपस में महिंद्रा प्राइड क्लासरूम प्रोग्राम के तहत हुए इस समझौते का उद्देश्य विश्वविद्यालय में अध्ययनरत छात्राओं को रोजगार के लिए आवश्यक कौशल और व्यावहारिक प्रशिक्षण उपलब्ध कराना है।
कार्यक्रम के तहत विश्वविद्यालय के यूनिवर्सिटी टीचिंग डिपार्टमेंट (यूटी?डी) में अध्ययनरत छात्राओं को रोजगारपरक कौशल, व्यक्तित्व विकास, संचार क्षमता, करियर मार्गदर्शन तथा कार्यस्थल पर आवश्यक व्यावहारिक दक्षताओं से संबंधित प्रशिक्षण दिया जाएगा। इससे छात्राओं को अपने कौशल को निखारने और रोजगार के बेहतर अवसर हासिल करने में मदद मिलने की उम्मीद है।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राजेंद्र लाकपाले ने कहा कि वर्तमान दौर में विद्यार्थियों के लिए केवल शैक्षणिक ज्ञान पर्याप्त नहीं है। शिक्षा के साथ कौशल, आत्मविश्वास, संवाद क्षमता और रोजगार योग्य दक्षताओं का विकास भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि नांदी फाउंडेशन के साथ यह साझेदारी छात्राओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
करियर के लिए तैयार होंगी छात्राएं
महिंद्रा प्राइड क्लासरूम प्रोग्राम के माध्यम से छात्राओं को शिक्षा के साथ रोजगार और करियर की जरूरतों के अनुरूप तैयार किया जाएगा। प्रशिक्षण में व्यावसायिक व्यवहार, संवाद कौशल, व्यक्तित्व विकास और करियर संबंधी मार्गदर्शन जैसे विषयों को शामिल किया जाएगा।
एमओयू के दौरान विश्वविद्यालय और नांदी फाउंडेशन के प्रतिनिधियों ने दस्तावेजों पर हस्ताक्षर किए तथा भविष्य में दोनों संस्थाओं के बीच सहयोग को आगे बढ़ाने पर सहमति व्यक्त की। विश्वविद्यालय प्रशासन ने इस पहल के लिए नांदी फाउंडेशन एवं महिंद्रा प्राइड क्लासरूम प्रोग्राम के प्रति आभार जताया। विश्वविद्यालय ने उम्मीद जताई कि यह कार्यक्रम छात्राओं के कौशल विकास, आत्मनिर्भरता और रोजगार के बेहतर अवसरों की दिशा में उपयोगी साबित होगा।