सरगुजा

28 साल की सेवा के बाद शिक्षक फिर क्यों दें पात्रता परीक्षा?
01-Sep-2026 8:53 PM
28 साल की सेवा के बाद शिक्षक फिर क्यों दें पात्रता परीक्षा?

शिक्षकों का आंदोलन तेज, विधायक-सांसद व समाज प्रमुखों को सौंपेंगे ज्ञापन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 1 सितंबर। सेवारत शिक्षकों को शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) की अनिवार्यता से राहत देने की मांग को लेकर शिक्षक संघर्ष मोर्चा ने आंदोलन के अगले चरण की तैयारी शुरू कर दी है। 25 अगस्त को अंबिकापुर में जिला स्तरीय रैली के बाद अब मोर्चा 1 से 15 सितंबर तक प्रदेशव्यापी अभियान के तहत सरगुजा में विधायक, सांसद, नगरीय निकायों के जनप्रतिनिधियों और समाज प्रमुखों से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपेगा।

मोर्चा के जिला संचालक कमलेश सिंह ने बताया कि अभियान का उद्देश्य सेवारत शिक्षकों को टीईटी की अनिवार्यता से स्थायी रूप से मुक्त कराने के लिए शासन स्तर पर प्रभावी पहल कराना है। मोर्चा का कहना है कि वर्षों से सरकारी सेवा में कार्यरत और लगातार विद्यार्थियों को पढ़ा रहे शिक्षकों को दोबारा पात्रता परीक्षा देकर अपनी योग्यता साबित करने के लिए बाध्य करना उचित नहीं है।

28 साल की सेवा के बाद योग्यता पर सवाल क्यों?

कमलेश सिंह ने कहा कि 28 वर्षों तक जिस शिक्षक से सरकार ने विद्यार्थियों को पढ़वाया, उसी शिक्षक से अब उसकी शिक्षण योग्यता साबित करने के लिए परीक्षा लेना शिक्षकों के अनुभव और सेवा पर सवाल खड़ा करता है।

मोर्चा ने कहा कि 17 अगस्त 2012 से पहले छत्तीसगढ़ में टीईटी की अनिवार्यता नहीं थी। वर्तमान न्यायिक और वैधानिक परिस्थितियों को देखते हुए राज्य सरकार को इस मामले में ठोस पहल करनी चाहिए।

मोर्चा ने तमिलनाडु की तर्ज पर सेवारत शिक्षकों को टीईटी से राहत देने के लिए आवश्यक विधायी प्रावधान करने तथा विधानसभा में प्रस्ताव पारित कर केंद्र सरकार को भेजने पर विचार करने की मांग की है। यदि टीईटी को अपरिहार्य माना जाता है तो लंबे समय से सेवा दे रहे शिक्षकों के लिए अलग विभागीय टीईटी आयोजित करने का विकल्प भी सुझाया गया है। इसके लिए परीक्षा का स्तर, प्रक्रिया, पर्याप्त अवसर और तैयारी के लिए समय निर्धारित करने की मांग की गई है।

पांच सूत्रीय मांगों पर संघर्ष जारी

शिक्षक संघर्ष मोर्चा की प्रमुख मांगों में टीईटी की अनिवार्यता से स्थायी मुक्ति, पूर्व सेवा की गणना कर सेवा लाभ देना, केंद्रीय वेतनमान लागू कर वेतन विसंगति दूर करना, डीएड धारक शिक्षकों के लिए बीएड हेतु सेतु पाठ्यक्रम की व्यवस्था तथा भर्ती-पदोन्नति नियम 2026 को निरस्त या आवश्यक संशोधन करना शामिल है।

मोर्चा पदाधिकारियों का कहना है कि शिक्षा मंत्री के समक्ष इन मांगों को रखा जा चुका है और सकारात्मक चर्चा भी हुई है, लेकिन अब आश्वासन के बजाय ठोस निर्णय और कार्रवाई जरूरी है। जिला संचालक कमलेश सिंह, नरेंद्र मिश्रा, स्नेहलता पाठक सहित अन्य पदाधिकारियों ने कहा कि शिक्षक टकराव नहीं, बल्कि सम्मान, सेवा सुरक्षा और अधिकारों का समाधान चाहते हैं। उन्होंने कहा कि मांगों के निराकरण तक अभियान जारी रहेगा।


अन्य पोस्ट