सरगुजा

राज्यपाल पुरस्कार के शिक्षक चयन की निष्पक्ष जांच की मांग
31-Aug-2026 9:41 PM
राज्यपाल पुरस्कार के शिक्षक चयन की निष्पक्ष जांच की मांग

परवेज आलम ने सौंपा ज्ञापन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर,31 अगस्त। राज्यपाल पुरस्कार के लिए सरगुजा संभाग से चयनित शिक्षक-शिक्षिकाओं की चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने की मांग उठी है। अल्पसंख्यक कांग्रेस के महासचिव परवेज आलम ने संयुक्त संचालक शिक्षा, सरगुजा संभाग को ज्ञापन सौंपकर चयन प्रक्रिया की विस्तृत जांच कराने की मांग की है।

ज्ञापन में आरोपों का उल्लेख करते हुए कहा गया है कि जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में पदस्थ कुछ अधिकारी-कर्मचारियों द्वारा कथित रूप से ऑनलाइन आवेदन, दस्तावेज और अनुशंसा प्रक्रिया को प्रभावित किए जाने की शिकायतें सामने आई हैं। उन्होंने चयनित सभी शिक्षकों की पात्रता, निर्धारित मापदंड, वास्तविक उपस्थिति, शिक्षण कार्य, विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति और विद्यालय विकास में योगदान का भौतिक सत्यापन कराने की मांग की। परवेज आलम ने विशेष रूप से इस वर्ष चयनित एक शिक्षिका के संबंध में पूर्व में प्राप्त शिकायतों, पदस्थापन और युक्तियुक्तकरण की प्रक्रिया की जांच की मांग की है। विद्यार्थियों से राशि लिए जाने संबंधी शिकायत की भी रसीद, उपयोग और विद्यालय अभिलेखों के आधार पर जांच कराने की मांग की गई है।

ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि संबंधित विद्यालय में बच्चों के लिए पर्याप्त पेयजल और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं। उन्होंने कहा कि राज्यपाल पुरस्कार की गरिमा बनाए रखने के लिए चयन प्रक्रिया निष्पक्ष और पारदर्शी होना आवश्यक है।  ज्ञापन की प्रतिलिपि राज्यपाल, मुख्यमंत्री, शिक्षा मंत्री, शिक्षा सचिव और संचालक शिक्षा विभाग को भी भेजी गई है।


अन्य पोस्ट