सरगुजा

‘एक राखी बहन के नाम, एक रक्षा सूत्र गौ माता के नाम’ अभियान से मनाया रक्षाबंधन
28-Aug-2026 9:22 PM
‘एक राखी बहन के नाम, एक रक्षा सूत्र गौ माता के नाम’ अभियान से मनाया रक्षाबंधन

गौ सेवा मंडल ने गौवंश की सेवा, सुरक्षा और संरक्षण का लिया संकल्प

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 28 अगस्त। रक्षाबंधन के पावन अवसर पर गौ सेवा मंडल सरगुजा द्वारा ‘एक राखी बहन के नाम, एक रक्षा सूत्र गौ माता के नाम’ अभियान चलाया गया। अभियान के तहत गौ माताओं को रक्षा सूत्र बांधकर उनकी सेवा, सुरक्षा एवं संरक्षण का संकल्प लिया गया। इस पहल के माध्यम से रक्षाबंधन के पर्व को भाई-बहन के प्रेम के साथ गौवंश के प्रति करुणा, संवेदना और सामाजिक जिम्मेदारी से जोडऩे का संदेश दिया गया।

अभियान के दौरान गौ माताओं को हरा चारा खिलाकर उनके प्रति सेवा एवं सम्मान की भावना व्यक्त की गई। गौ सेवा मंडल के सदस्यों ने बहनों की रक्षा के साथ-साथ गौ माता एवं नंदी बाबा की सुरक्षा और संरक्षण के लिए भी सदैव तत्पर रहने का संकल्प लिया।

मंडल की ओर से कहा गया कि सडक़ पर विचरण करने वाले गौवंश को दुर्घटनाओं से बचाने, असहाय एवं घायल पशुओं को सुरक्षित स्थान उपलब्ध कराने तथा जरूरत पडऩे पर उनके उपचार एवं रेस्क्यू में समाज के प्रत्येक व्यक्ति को सहयोग करना चाहिए।

गौ सेवा मंडल सरगुजा ने नागरिकों से अपील की कि रक्षाबंधन के पर्व पर गौ सेवा और संरक्षण को भी अपने संकल्प का हिस्सा बनाएं। मंडल द्वारा गौवंश के लिए सेवा, रेस्क्यू, उपचार, चारा वितरण और जनजागरूकता से जुड़े कार्य लगातार किए जा रहे हैं।

मंडल ने कहा कि गौ सेवा केवल आस्था का विषय नहीं, बल्कि मानवता, करुणा और सामाजिक जिम्मेदारी का भी प्रतीक है। अभियान के माध्यम से लोगों को संदेश दिया गया कि कलाई पर राखी बांधने के साथ गौ माता की रक्षा और सेवा का संकल्प भी लिया जाए।


अन्य पोस्ट