सरगुजा
बतौली, 28 अगस्त। नेशनल हाईवे-43 पर अंबिकापुर-रायगढ़ मुख्य मार्ग में गुरुवार देर शाम तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को प्राथमिक उपचार के बाद अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज किया गया है। हादसा बतौली थाना क्षेत्र में हुआ।
ृबताया जाता है कि ग्राम चिरंगा निवासी अजय श्रीवास (26) और चंदन पैकरा (28) किसी काम से बतौली आए थे। काम निपटाने के बाद दोनों बाइक से रात करीब 8 बजे अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान एनएच-43 पर सामने से अथवा पीछे से आए तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों सडक़ पर जा गिरे।हादसे में अजय श्रीवास के सिर में गंभीर चोट लगने से उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं चंदन पैकरा गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। राहगीरों की सूचना पर डायल-112 की टीम घटनास्थल पर पहुंची और दोनों को अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने अजय को मृत घोषित कर दिया, जबकि चंदन की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया।
पुलिस के मुताबिक दुर्घटना के समय दोनों युवकों ने हेलमेट नहीं लगाया था। टक्कर के दौरान वाहनों की गति भी काफी तेज होने की बात सामने आई है। बतौली पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है। आरोपी चालक की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।