सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 27 अगस्त। के.आर. टेक्निकल कॉलेज, संजय नगर की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई एवं सोशल वर्क कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में रक्षाबंधन पर्व सन्मार्ग बाल गृह बालक आश्रम, राघवपुरी, अजिरमा में आत्मीयता और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम कॉलेज की डायरेक्टर डॉ. रीनू जैन एवं प्राचार्य डॉ. रितेश वर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया।
इस अवसर पर महाविद्यालय की छात्राओं ने आश्रम में निवासरत बच्चों की कलाई पर राखी बांधी और उनके साथ खुशियों के पल साझा किए। छात्राओं ने बच्चों को स्नेह एवं शुभकामनाएं देते हुए भाई-बहन के पवित्र रिश्ते की भावनात्मक गरिमा को मजबूत किया।
कार्यक्रम में एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी विनितेश गुप्ता, कला संकाय की विभाग प्रमुख ममता दुबे एवं सोशल वर्क कमेटी की प्रभारी प्रीति कुशवाहा सहित महाविद्यालय की छात्राएं मौजूद रहीं। इस दौरान कॉलेज प्रतिनिधियों ने आश्रम की संचालन व्यवस्था और विभिन्न गतिविधियों की जानकारी ली तथा बच्चों के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
महाविद्यालय प्रबंधन ने कहा कि रक्षाबंधन जैसे पर्व केवल भाई-बहन के रिश्ते का उत्सव नहीं हैं, बल्कि समाज में स्नेह, सहयोग, अपनत्व और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने का अवसर भी देते हैं।
एनएसएस एवं सोशल वर्क कमेटी द्वारा विद्यार्थियों को सामाजिक सरोकारों से जोडऩे और उनमें सेवा व संवेदनशीलता की भावना विकसित करने के लिए ऐसे कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम का उद्देश्य आश्रम के बच्चों के साथ खुशियां साझा करने के साथ विद्यार्थियों को सामाजिक सेवा और मानवीय मूल्यों से जोडऩा रहा।