सरगुजा
मिठाई और कपड़ा दुकानों में भी रही रौनक
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर,27 अगस्त। भाई-बहन के अटूट प्रेम, विश्वास और स्नेह का पर्व रक्षाबंधन शुक्रवार को हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। पर्व को लेकर गुरुवार को शहर के बाजारों में जबरदस्त रौनक देखने को मिली। सुबह से ही राखी की दुकानों पर बहनों की भीड़ जुटने लगी थी, जो देर शाम तक बनी रही। बहनों ने भाइयों की पसंद को ध्यान में रखते हुए रंग-बिरंगी और आकर्षक राखियों की खरीदारी की।
रक्षाबंधन को लेकर शहर के प्रमुख बाजारों के साथ चौक-चौराहों और सडक़ किनारे जगह-जगह राखी की दुकानें सजाई गई हैं। दुकानों में साधारण राखियों से लेकर आकर्षक डिजाइन वाली राखियां उपलब्ध हैं। बच्चों के लिए भी अलग-अलग डिजाइन की राखियां लोगों को आकर्षित कर रही हैं। पर्व से ठीक एक दिन पहले खरीदारी बढऩे से दुकानदारों के चेहरे भी खिले नजर आए।
रक्षाबंधन पर राखी के साथ मिठाई का विशेष महत्व होने के कारण शहर की मिठाई दुकानों में भी दिनभर ग्राहकों की आवाजाही बनी रही। दुकानदारों ने पर्व को देखते हुए विभिन्न प्रकार की मिठाइयों का विशेष स्टॉक तैयार किया है। वहीं कपड़ा दुकानों और गिफ्ट सेंटरों में भी भाई-बहन एक-दूसरे के लिए उपहार खरीदते नजर आए।
प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी रक्षाबंधन को लेकर परिवारों में खासा उत्साह है। बहनों ने भाइयों की कलाई पर राखी बांधने के साथ उनकी सुख-समृद्धि और लंबी आयु की कामना करने की तैयारी की है। वहीं भाई भी बहनों को उपहार देने के लिए खरीदारी करते दिखाई दिए। त्योहार के कारण अंबिकापुर के बाजार में दिनभर चहल-पहल रही और शाम होते-होते प्रमुख बाजारों में भीड़ और बढ़ गई।