सरगुजा

रामलीला 26 तक
25-Aug-2026 8:22 PM
रामलीला 26 तक

अंबिकापुर, 25 अगस्त। शहर के रामानुज वार्ड क्रमांक 33 स्थित मिलनपारा, नया बस स्टैंड के पास संजीवनी हॉस्पिटल के सामने मंगलवार से भव्य रामलीला का आयोजन किया जा रहा है। श्री रामायण लीला मंडली, प्रयागराज द्वारा प्रस्तुत यह धार्मिक आयोजन 26 अगस्त तक प्रतिदिन रात 8 बजे से 11 बजे तक चलेगा। आयोजन समस्त नगरवासियों, मिलनपारा एवं नया बस स्टैंड क्षेत्र के नागरिकों के सहयोग से किया जा रहा है।

आयोजन समिति के अनुसार रामलीला में भगवान श्रीराम के जीवन एवं मर्यादा पुरुषोत्तम के आदर्श चरित्र का मंचन किया जाएगा। मंगलवार को श्रीराम जन्म एवं दशरथ दरबार से रामलीला का शुभारंभ होगा। 19 अगस्त को मुनि आगमन एवं ताडक़ा वध, 20 अगस्त को धनुष यज्ञ और रावण-बाणासुर संवाद तथा 21 अगस्त को परशुराम-लक्ष्मण संवाद एवं राम-सीता विवाह का मंचन होगा।

22 अगस्त को मंथरा-कैकेयी संवाद और राम वनवास, 23 अगस्त को शूर्पणखा के नाक-कान विच्छेदन एवं सीता हरण का प्रसंग प्रस्तुत किया जाएगा। 24 अगस्त को शबरी भेंट, राम-सुग्रीव मित्रता एवं बाली वध, जबकि 25 अगस्त को लक्ष्मण शक्ति एवं राम विलाप का मंचन होगा।

 26 अगस्त को रावण वध के साथ रामराज्याभिषेक एवं चढ़ौत्री का आयोजन किया जाएगा।

आयोजकों ने श्रद्धालुओं से सपरिवार रामलीला में शामिल होकर धार्मिक कथा का आनंद लेने की अपील की है। आयोजन पूर्णत: नि:शुल्क एवं सार्वजनिक रहेगा। साथ ही धार्मिक आयोजन को सफल बनाने के लिए श्रद्धालुओं से यथाशक्ति सहयोग एवं दान देने का आग्रह किया गया है। आयोजन समिति के अध्यक्ष जीतलाल व्यास ने बताया कि श्रद्धालुओं से प्राप्त सहयोग से रामलीला मंडली के आयोजन का खर्च संचालित किया जाता है।


अन्य पोस्ट