सरगुजा

ग्रामीण प्रतिभाओं को मिलेगा बड़ा मंच, 5 को होगा ओपन क्रिकेट हंट
25-Aug-2026 4:31 PM
ग्रामीण प्रतिभाओं को मिलेगा बड़ा मंच, 5 को होगा ओपन क्रिकेट हंट

चयनित खिलाडिय़ों को एलीट क्रिकेट एकेडमी में मिलेगा नि:शुल्क प्रशिक्षण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 25 अगस्त। सरगुजा संभाग के दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी क्रिकेट प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से मां महामाया क्रिकेट फाउंडेशन, अंबिकापुर के तत्वावधान में ओपन क्रिकेट हंट का आयोजन किया जा रहा है। आयोजन 5 सितंबर 2026 को शिक्षक दिवस के अवसर पर बनारस रोड स्थित साईं कॉलेज के पास एलीट क्रिकेट एकेडमी में होगा।

आयोजकों के अनुसार, कार्यक्रम का उद्देश्य ऐसे प्रतिभाशाली बच्चों और बच्चियों की पहचान करना है, जो क्रिकेट में बेहतर प्रदर्शन करने की क्षमता रखते हैं, लेकिन संसाधनों और प्रशिक्षण के अभाव में आगे नहीं बढ़ पा रहे हैं। संभाग के ग्रामीण एवं सुदूर क्षेत्रों के युवा खिलाड़ी इस चयन कार्यक्रम में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकेंगे।

ओपन क्रिकेट हंट में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले चयनित प्रतिभावान खिलाडिय़ों को एलीट क्रिकेट एकेडमी की ओर से निशुल्क क्रिकेट प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। इसके अलावा बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाडिय़ों को संस्था की ओर से 10 हजार रुपये का नगद पुरस्कार सहित अन्य आकर्षक पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।

आयोजकों ने बताया कि क्रिकेट प्रतिभाओं को उचित प्रशिक्षण और अवसर उपलब्ध कराकर उन्हें आगे बढऩे का मंच देना कार्यक्रम का प्रमुख उद्देश्य है। इसके लिए सरगुजा संभाग के सभी युवा क्रिकेट खिलाडिय़ों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने की अपील की गई है।

कार्यक्रम के संयोजक मां महामाया क्रिकेट समिति, अंबिकापुर हैं। इसके फाउंडर आशुतोष प्रजापति हैं। इच्छुक खिलाड़ी आयोजन एवं पंजीयन से संबंधित जानकारी के लिए मोबाइल नंबर 7999364675 पर संपर्क कर सकते हैं।


अन्य पोस्ट