सरगुजा
श्रद्धांजलि देकर लिया समाजसेवा का संकल्प
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 25 अगस्त। पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की जयंती पर जिला सेवा दल द्वारा जिलाध्यक्ष लोकेश कुमार के नेतृत्व में वृक्षारोपण एवं श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत नगर के कालाकेंद्र परिसर में पौधारोपण के साथ हुई। इस दौरान सरगुजा संभाग प्रभारी विनीत विशाल जायसवाल, महिला सेवादल जिलाध्यक्षा प्रीति सिंह सहित सेवा दल के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम में पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। जिलाध्यक्ष लोकेश कुमार ने कहा कि राजीव गांधी की जयंती केवल उन्हें याद करने का अवसर नहीं, बल्कि उनके विकास, युवा कल्याण और आधुनिक भारत के निर्माण के विचारों को आगे बढ़ाने का संकल्प लेने का दिन है। कार्यकर्ताओं ने लगाए गए पौधों की देखभाल एवं नियमित सिंचाई की जिम्मेदारी भी साझा की।
इसके बाद राजीव भवन में सामूहिक कार्यक्रम आयोजित कर राजीव गांधी के देश के प्रति योगदान को याद किया गया। वक्ताओं ने युवाओं के प्रति उनके विश्वास, वैज्ञानिक सोच तथा शिक्षा एवं तकनीकी विकास के क्षेत्र में किए गए प्रयासों पर प्रकाश डाला।
साथ ही युवाओं को सामाजिक कार्यों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में सेवा दल के सदस्य गांधी चौक पहुंचे, जहां महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। इस दौरान समाज निर्माण एवं जनकल्याण के कार्यों में निरंतर सक्रिय रहने का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।-