सरगुजा

पशु आहार गोदाम में लगी आग, भूसा खाक
23-Aug-2026 9:43 PM
 पशु आहार गोदाम में लगी आग, भूसा खाक

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

लखनपुर, 23 अगस्त। लखनपुर क्षेत्र के ग्राम टपरकेला में शनिवार सुबह पशु आहार गोदाम में अचानक आग लगने से हडक़ंप मच गया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और गोदाम में रखा भूसा सहित पशु आहार सामग्री जलने लगी। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। इसके बाद पुलिस एवं दमकल टीम को सूचना दी गई।

आग पर काबू पाने के लिए राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। हालांकि घटना में किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। गोदाम में रखे सामान के नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

मां बनभौरी ट्रेडर्स के संचालक दक्ष कुमार गर्ग निवासी शिवधारी कॉलोनी अंबिकापुर ने मामले को लेकर लखनपुर थाने में आवेदन देकर रिपोर्ट दर्ज कराई है।

लखनपुर थाना प्रभारी संपत पोटाई ने बताया कि पशु आहार गोदाम में ज्यादा नुकसान नहीं हुआ है।

गोदाम में रखा भूसा जल गया है। आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।


अन्य पोस्ट