सरगुजा

20 छात्राओं को मिली साइकिल, दिव्यांग व असहाय लोगों को बांटे अनुदान राशि के चेक
23-Aug-2026 9:42 PM
20 छात्राओं को मिली साइकिल, दिव्यांग व असहाय लोगों को बांटे अनुदान राशि के चेक

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

लखनपुर, 23 अगस्त। लखनपुर विकासखंड के ग्राम पंचायत कटिंदा और जनपद पंचायत लखनपुर में रविवार को अलग-अलग कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रमों में लुंड्रा विधायक प्रबोध मिंज शामिल हुए। इस दौरान उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कटिंदा में सरस्वती साइकिल वितरण योजना के तहत कक्षा नौवीं की करीब 20 छात्राओं को साइकिल वितरित की गई। वहीं जनपद पंचायत कार्यालय में पंचायतों को मछली बीज का वितरण किया गया। इस कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री राजेश अग्रवाल भी शामिल हुए।

साइकिल वितरण कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र के करीब 60 जरूरतमंद दिव्यांग एवं असहाय लोगों को पांच-पांच हजार रुपये की अनुदान राशि के चेक भी प्रदान किए गए। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके बाद स्कूली छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी।

इस अवसर पर विधायक प्रबोध मिंज ने कहा कि कटिंदा हाईस्कूल में आसपास के दूरदराज क्षेत्रों से छात्राएं पैदल स्कूल पहुंचती थीं। साइकिल मिलने से अब उन्हें स्कूल आने-जाने में सुविधा होगी और पढ़ाई के लिए समय भी बच सकेगा।

उन्होंने विद्यालय भवन की जर्जर स्थिति को लेकर नए भवन के निर्माण की बात कही। विधायक ने कहा कि नए भवन के निर्माण से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सकेगा।

विधायक ने क्षेत्र में सडक़, स्कूल भवन सहित अन्य समस्याओं का उल्लेख करते हुए कहा कि क्षेत्र की समस्याएं उनके संज्ञान में हैं और इनके निराकरण के लिए प्राथमिकता के साथ प्रयास किए जा रहे हैं।

कार्यक्रम में विधायक प्रतिनिधि राकेश साहू, मंडल अध्यक्ष रवि महंत, महामंत्री विक्रम सिंह, पूर्व मंडल अध्यक्ष अजीत सिंह सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, अभिभावक, जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट