सरगुजा

हत्या का प्रयास, आरोपी को 10 साल कैद
22-Aug-2026 8:50 PM
हत्या का प्रयास, आरोपी को 10 साल कैद

खेती-बाड़ी के विवाद में बहू पर फावड़े से किया था हमला

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 22 अगस्त। सरगुजा जिले के लुण्ड्रा थाना क्षेत्र के ग्राम गेरसा महुआपारा में वर्ष 2025 में हुए हत्या के प्रयास के मामले में द्वितीय अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश, अंबिकापुर की अदालत ने आरोपी को 10 वर्ष के कठोर कारावास की सजा सुनाई है। अदालत ने आरोपी पेरवा राम उर्फ प्रेमा राम (60), निवासी गेरसा महुआपारा, को भारतीय न्याय संहिता की धारा 109(1) के तहत दोषी ठहराते हुए 1 हजार रुपये के अर्थदंड से भी दंडित किया है। अर्थदंड जमा नहीं करने पर तीन माह का अतिरिक्त कठोर कारावास भुगतना होगा।

मामला लुण्ड्रा थाने के अपराध क्रमांक 140/2025 से संबंधित है। पुलिस के मुताबिक 14 जुलाई 2025 को दोपहर करीब 12 बजे खेती-बाड़ी के विवाद को लेकर आरोपी ने अपनी बहू अनिता कुजूर पर फावड़े से हमला कर दिया था। हमले में अनिता के सिर के पिछले हिस्से में गंभीर चोट आई थी और वह खून से लथपथ हालत में जमीन पर बेहोश पड़ी मिली थी।

घटना की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल के निर्देश पर पुलिस ने मामले की बारीकी से जांच शुरू की। विवेचना के दौरान आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ की गई। उसके मेमोरेंडम के आधार पर घटना में प्रयुक्त फावड़ा बरामद किया गया। घटनास्थल से खून लगी मिट्टी और सामान्य मिट्टी के नमूने भी जब्त कर एफएसएल जांच के लिए भेजे गए। इसके अलावा हथियार का क्यूरी परीक्षण भी कराया गया।

मामले की विवेचना तत्कालीन विवेचक सहायक उप निरीक्षक एस.आर. साहू ने की। जांच पूरी होने के बाद पुलिस ने 7 अक्टूबर 2025 को न्यायालय में अभियोग पत्र प्रस्तुत किया। सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष ने 15 महत्वपूर्ण गवाहों के बयान और 35 आर्टिकल साक्ष्य प्रस्तुत किए। परिस्थितिजन्य एवं भौतिक साक्ष्यों तथा अभियोजन की प्रभावी पैरवी के आधार पर अदालत ने आरोपी को दोषी करार दिया।

पीडि़ता को प्रतिकर देने की अनुशंसा

अदालत ने पीडि़ता अनिता कुजूर को हुई गंभीर एवं दीर्घकालीन शारीरिक क्षति, उपचार और दैनिक जीवन पर पड़े प्रभाव को देखते हुए केवल 1 हजार रुपये के अर्थदंड को पर्याप्त नहीं माना। न्यायालय ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 395 और 396 के तहत लागू प्रावधानों के अनुसार पीडि़ता को उचित प्रतिकर दिलाए जाने की अनुशंसा की है। पुलिस के अनुसार मामले में प्रभावी विवेचना और वैज्ञानिक साक्ष्य संकलन को महत्वपूर्ण माना गया है।

पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज दीपक झा ने विवेचक एएसआई एस.आर. साहू और विवेचना में सहयोग करने वाले लुण्ड्रा थाना स्टाफ का उत्साहवर्धन करने के लिए उचित पारितोषिक देने की घोषणा की है। वहीं डीआईजी एवं एसएसपी राजेश अग्रवाल ने न्यायालय के फैसले को महत्वपूर्ण बताते हुए विवेचक एस.आर. साहू की उत्कृष्ट विवेचना और व्यावसायिक दक्षता की सराहना की है।


अन्य पोस्ट