सरगुजा

पारिवारिक विवाद में माता-पिता की हत्या, बोरे में बांधकर शव कमरे में छिपाए, आरोपी बेटा गिरफ्तार
21-Aug-2026 8:43 PM
पारिवारिक विवाद में माता-पिता की हत्या, बोरे में बांधकर शव कमरे में छिपाए, आरोपी बेटा गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 21 अगस्त। सरगुजा जिले के धौरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सपड़ा में हुए दोहरे हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के मुताबिक, पारिवारिक विवाद के चलते बेटे ने कथित तौर पर अपने पिता और मां पर टांगी से हमला कर उनकी जान ले ली। वारदात के बाद आरोपी ने दोनों शवों को प्लास्टिक की बोरियों में भरकर रस्सी से बांध दिया और मौके से फरार हो गया। पुलिस ने तलाश के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, 17 अगस्त को सपड़ा गांव में हीराधर यादव और उनकी पत्नी गुलाबी यादव के शव घर के एक कमरे में बोरे के भीतर रस्सी से बंधे मिले थे। सूचना पर एसडीओपी सीतापुर, जिला सीन ऑफ क्राइम यूनिट और धौरपुर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल की जांच के दौरान खून के निशान सहित कई अहम साक्ष्य मिले। वहीं मृतकों का बड़ा बेटा जदू यादव घटना के बाद से गायब था। इससे पुलिस का शक उस पर गहरा गया।

मृतकों के बेटे मोहन यादव की शिकायत पर धौरपुर थाने में अपराध दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) और 238 के तहत जांच शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल ने आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रितेश चौधरी और एसडीओपी सीतापुर तुल सिंह पट्टावी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश तेज कर दी।

जांच के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने जदू यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में आरोपी ने पारिवारिक विवाद के बाद माता-पिता पर टांगी से हमला करने की बात स्वीकार की। हत्या के बाद दोनों शवों को बोरे में डालकर रस्सी से बांधने और कमरे में छिपाने की जानकारी भी उसने दी।

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल टांगी और घटना के समय पहने गए कपड़े बरामद कर जब्त किए हैं।

पुलिस ने आरोपी जदू यादवनिवासी सपड़ा परसापारा, थाना धौरपुर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। कोर्ट के आदेश पर उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार, मामले की विवेचना में धौरपुर थाना और साइबर सेल की टीम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की अहम भूमिका रही।


अन्य पोस्ट