सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सीतापुर, 21 अगस्त। सरगुजा जिले के केरजू क्षेत्र से नाबालिग छात्रा समेत दो युवतियों को दिल्ली में अच्छी नौकरी और मोटी पगार दिलाने का झांसा देकर ले जाने का मामला सामने आया है। दोनों युवतियां 16 अगस्त से घर से लापता थीं। परिजनों ने तलाश के दौरान दोनों को रायगढ़ जिले में दो युवकों के साथ पकड़ लिया। इसके बाद उन्हें केरजू पुलिस चौकी लाकर शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने मामले में मानव तस्करी और अपहरण से जुड़ी धाराओं में अपराध दर्ज करते हुए दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया है।
मामला सीतापुर थाना क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार 16 वर्षीय कक्षा 10वीं की छात्रा और 19 वर्षीय युवती 16 अगस्त को घर से अचानक लापता हो गई थीं। परिजनों ने दोनों की काफी तलाश की, लेकिन उनका पता नहीं चला। इसी दौरान जानकारी मिली कि दोनों को रायगढ़ जिले के कापू क्षेत्र में देखा गया है।
ट्रेन से दिल्ली ले जाने की थी तैयारी
परिजन दोनों की तलाश करते हुए 18 अगस्त को रायगढ़ जिले के ग्राम केराकछार पहुंचे। यहां नाबालिग छात्रा और युवती दो युवकों के साथ मिलीं। बताया गया कि दोनों युवक उसी दिन ट्रेन से दोनों को दिल्ली ले जाने की तैयारी में थे। परिजन दोनों को अपने साथ लेकर केरजू पहुंचे और पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराई।
अच्छी नौकरी का दिया था लालच
पूछताछ में दोनों युवतियों ने पुलिस को बताया कि सिहारजोर निवासी विद्याभूषण लकड़ा और कमोसिनडांड, कापू निवासी देवलाल तिग्गा ने उन्हें दिल्ली में अच्छी नौकरी और बेहतर वेतन दिलाने का भरोसा दिया था। आरोप है कि दोनों युवकों के कहने पर वे बिना परिजनों को बताए घर से निकल गई थीं।
पुलिस के मुताबिक, दोनों युवकों ने युवतियों को अपने घरों में रखा था और बाद में उन्हें दिल्ली ले जाने की तैयारी थी। छात्रा के पिता की शिकायत पर केरजू पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 137(2), 143(1)(क) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया है।