सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 21 अगस्त। कमलेश्वरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम बिसरपानी दारापारा में हुए दोहरे हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के अनुसार चरित्र पर संदेह को लेकर हुए विवाद में आरोपी पति ने अपनी पत्नी और एक अन्य युवक की फावड़े से हमला कर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी बाबुलाल मझवार बिसरपानी तिलकपारा को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
पुलिस के मुताबिक घटना 17 अगस्त की शाम की है। ग्राम बिसरपानी दारापारा में सोमारू मझवार के घर मृतक बेंजे बड़ा , मृतिका नईहारो मझवार और उसका पति बाबुलाल मझवार शराब के नशे में आग ताप रहे थे। इसी दौरान तीनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद और मारपीट हो गई। घटना के बाद सोमारू दूसरे घर में चला गया।
अगली सुबह जब वह वापस आया तो घर के अंदर बेंजे बड़ा और नईहारो मझवार मृत हालत में मिले। दोनों के सिर, चेहरे और शरीर पर गंभीर चोट के निशान थे तथा वे खून से लथपथ थे। वहीं बाबुलाल मौके से फरार था। जांच के दौरान पुलिस को हत्या में बाबुलाल की संलिप्तता के साक्ष्य मिले।
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पुलिस टीम को आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रितेश चौधरी और सीतापुर एसडीओपी तुल सिंह पट्टावी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जांच आगे बढ़ाई। पूछताछ में आरोपी ने चरित्र शंका को लेकर हुए विवाद के बाद पत्नी नईहारो मझवार और बेंजे बड़ा पर फावड़े से हमला कर हत्या करना स्वीकार किया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त फावड़ा और घटना के समय पहने गए कपड़े जब्त किए हैं। आरोपी के खिलाफ कमलेश्वरपुर थाने में अपराध दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया।