सरगुजा
प्रत्याशियों को लेकर आमने-सामने आए कार्यकर्ता, वरिष्ठ नेताओं के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 20 अगस्त। यूथ कांग्रेस चुनाव से पहले अंबिकापुर में कांग्रेस के भीतर गुटबाजी खुलकर सामने आती नजर आई। गुरुवार को कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन में यूथ कांग्रेस चुनाव की प्रक्रिया के दौरान प्रत्याशियों को लेकर दो पक्षों के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते मौके पर गहमागहमी बढ़ गई और कुछ देर के लिए तनावपूर्ण स्थिति निर्मित हो गई। वरिष्ठ नेताओं के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ।
जानकारी के अनुसार यूथ कांग्रेस चुनाव में अध्यक्ष पद के लिए रविशंकर नायक के नाम को लेकर कुछ कार्यकर्ताओं ने आपत्ति जताई। विरोध कर रहे कार्यकर्ताओं का आरोप था कि रविशंकर नायक का नाम भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा की सूची में पदाधिकारी के रूप में सामने आया है। इसी मुद्दे को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच बहस शुरू हो गई और मामला विवाद तक पहुंच गया।
वहीं अध्यक्ष पद के उम्मीदवार रविशंकर नायक का कहना है कि उन्होंने कभी भाजपा की सदस्यता नहीं ली और न ही भाजपा में शामिल हुए हैं। उनका कहना है कि भाजपा द्वारा गलतफहमी के चलते उनका नाम अनुसूचित जाति मोर्चा की सूची में जोडक़र प्रचारित किया गया है। उन्होंने स्वयं को कांग्रेस का कार्यकर्ता बताते हुए लगाए जा रहे आरोपों को गलत बताया।
चुनाव प्रक्रिया के दौरान बढ़ी गहमागहमी
प्रत्याशियों को लेकर विवाद बढऩे के बाद राजीव भवन में मौजूद कार्यकर्ताओं के बीच काफी देर तक बहस और गहमागहमी होती रही। मामले की जानकारी मिलने पर कांग्रेस जिला अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता मौके पर पहुंचे। नेताओं ने दोनों पक्षों के कार्यकर्ताओं से चर्चा कर स्थिति को शांत कराने का प्रयास किया।
वरिष्ठ नेताओं की समझाइश के बाद विवाद शांत हुआ और चुनाव प्रक्रिया को आगे बढ़ाया गया। हालांकि घटना के बाद पार्टी के भीतर यूथ कांग्रेस चुनाव को लेकर गुटबाजी की चर्चा तेज हो गई है।
प्रत्याशियों के बीच भी सामने आया मतभेद
यूथ कांग्रेस चुनाव में अध्यक्ष पद के दावेदारों में रविशंकर नायक के अलावा प्रदेश महासचिव पद के उम्मीदवार अनुराग सिंह सहित अन्य कार्यकर्ता भी सक्रिय हैं। चुनाव प्रक्रिया के दौरान प्रत्याशियों और उनके समर्थकों के बीच मतभेद खुलकर सामने आने से संगठनात्मक स्तर पर चर्चा का माहौल बना हुआ है।
चुनाव को लेकर विवाद की स्थिति के बीच चुनाव अधिकारी आरिफ नवाज और कांग्रेस के स्थानीय पदाधिकारियों ने भी स्थिति संभालने में भूमिका निभाई। फिलहाल राजीव भवन में हुआ विवाद शांत हो गया है।