सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 20 अगस्त। नर्सिंग शिक्षा एवं नर्सिंग कॉलेजों की मान्यता को लेकर भारतीय नर्सिंग परिषद,नई दिल्ली के नाम पर विद्यार्थियों और अभिभावकों के बीच भ्रम की स्थिति बन रही है।इस संबंध में स्थानीय नर्सिंग कॉलेज के संचालकों का कहना है कि नर्सिंग संस्थानों को वैधानिक मान्यता प्रदान करने का अधिकार संबंधित राज्य नर्सिंग परिषद एवं राज्य सरकार के स्तर पर होता है। बताया गया है कि राज्य नर्सिंग परिषद एवं राज्य सरकार को इस संबंध में सक्षम प्राधिकारी बताया गया है। यह स्पष्टीकरण कर्नाटक उच्च न्यायालय के एक निर्णय के संदर्भ में जारी किया गया था।
जानकारों के अनुसार, जिन नर्सिंग कॉलेजों को छत्तीसगढ़ शासन अथवा सक्षम राज्य प्राधिकारी से आवश्यक अनुमति एवं मान्यता प्राप्त है , जिन विद्यार्थियों का प्रवेश शासन की अधिकृत काउंसलिंग प्रक्रिया के माध्यम से हुआ है, उन्हें अनावश्यक रूप से चिंतित होने की आवश्यकता नहीं है।केवल आईएनसी की किसी सूची अथवा सोशल मीडिया पर प्रसारित जानकारी के आधार पर विद्यार्थियों के भविष्य को लेकर भय का माहौल बनाना उचित नहीं है।
छत्तीसगढ़ नर्सिंग संचालकों ने बताया कि विद्यार्थियों एवं अभिभावकों से अपील की गई है वे सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से प्रसारित अपूर्ण अथवा भ्रामक सूचनाओं पर भरोसा न करें। किसी भी मामले में छत्तीसगढ़ शासन, संबंधित विश्वविद्यालय तथा सक्षम नियामक संस्थाओं द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं को ही आधार बनाया जाए।
विद्यार्थियों का भविष्य सर्वोच्च प्राथमिकता के आधार पर नर्सिंग कॉलेजों से जुड़े किसी संस्थागत अथवा नियामकीय विवाद का प्रतिकूल प्रभाव विद्यार्थियों की पढ़ाई और भविष्य पर नहीं पडऩा चाहिए। विद्यार्थियों से अपील की गई है कि वे घबराएं नहीं, अपनी पढ़ाई जारी रखें और मान्यता से संबंधित किसी भी जानकारी के लिए केवल अधिकृत सरकारी एवं नियामक संस्थाओं की सूचनाओं पर ही भरोसा करें।