सरगुजा

साइबर जागृति अभियान: विद्यार्थियों और नागरिकों को किया जागरूक
20-Aug-2026 3:32 PM
साइबर जागृति अभियान: विद्यार्थियों और नागरिकों को किया जागरूक

ओटीपी-डिजिटल अरेस्ट से बचाव के बताए उपाय

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर,20 अगस्त। साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों को देखते हुए सरगुजा पुलिस द्वारा जिले के स्कूल-कॉलेज एवं अन्य शिक्षण संस्थानों में चलाए जा रहे साइबर जागृति अभियान के तहत बुधवार को विभिन्न स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। साईं बाबा स्कूल अंबिकापुर, लटोरी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय लखनपुर, मिशन हायर सेकेंडरी स्कूल रघुनाथपुर, धौरपुर बस स्टैंड, सीतापुर थाना क्षेत्र के ग्राम वंदना तथा स्वामी आत्मानंद हिंदी माध्यम स्कूल गांधीनगर में आयोजित कार्यक्रमों में करीब 500 विद्यार्थियों एवं नागरिकों ने सहभागिता की।

डीआईजी/एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं साइबर सेल के नोडल अधिकारी रितेश चौधरी के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रमों का उद्देश्य युवाओं को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करना और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के लिए प्रेरित करना रहा।

पुलिस टीम ने विद्यार्थियों एवं नागरिकों को ओटीपी, यूपीआई और क्यूआर कोड फ्रॉड, फर्जी लिंक, एपीके फाइल, फर्जी कस्टमर केयर नंबर, सोशल मीडिया फ्रॉड, फर्जी प्रोफाइल, अनजान वीडियो कॉल, सेक्सटॉर्शन और डिजिटल अरेस्ट जैसे साइबर अपराधों के तरीकों की जानकारी दी। लोगों को समझाया गया कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, पिन, सीवीवी पासवर्ड या बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी साझा न करें। संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने, अनजान एपीके डाउनलोड करने अथवा किसी के कहने पर क्यूआर कोड स्कैन करने से पहले उसकी सत्यता जांचने की अपील की गई।

ठगी होते ही 1930 पर करें शिकायत

साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल कार्रवाई के महत्व की जानकारी देते हुए पुलिस ने राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 और ष्4ड्ढद्गह्म्ष्ह्म्द्बद्वद्ग.द्दश1.द्बठ्ठ के माध्यम से शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया समझाई। पुलिस ने बताया कि ठगी के तुरंत बाद शिकायत करने से राशि को रोकने की संभावना बढ़ जाती है।

कार्यक्रम में ‘जागरूकता की एक सेल्फ़ी’ अभियान के तहत विद्यार्थियों और नागरिकों को जागरूकता क्यूआर कोड की जानकारी दी गई। लोगों ने क्यूआर कोड के साथ सेल्फी लेकर साइबर सुरक्षा संदेशों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में विद्यालयों के प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाओं सहित पुलिस अधिकारी-कर्मचारी, पुलिस मितान एवं साइबर वॉलंटियर टीम के सदस्य मौजूद रहे। विद्यार्थियों ने साइबर अपराधों से जुड़े सवाल पूछे, जिनका पुलिस टीम ने समाधान किया। अंत में सभी ने स्वयं जागरूक रहने और परिवार एवं समाज के अन्य लोगों को भी साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।

पुलिस ने संदेश दिया—सतर्क रहें, सुरक्षित रहें। आपकी जागरूकता ही साइबर अपराध से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है।


अन्य पोस्ट