सरगुजा

25 को सरगुजा में निकलेगी ‘टेट मुक्ति रैली’
20-Aug-2026 11:09 AM
25 को सरगुजा में निकलेगी ‘टेट मुक्ति रैली’

28 साल की सेवा के बाद टेट अनिवार्यता पर आक्रोश

अंबिकापुर, 19 अगस्त। छत्तीसगढ़ शिक्षक संघर्ष मोर्चा ने 28 वर्षों की शिक्षकीय सेवा के बाद शिक्षकों के लिए शिक्षक पात्रता परीक्षा (टेट) की अनिवार्यता किए जाने के विरोध में आंदोलन का ऐलान किया है। मोर्चा के आह्वान पर 25 अगस्त को सरगुजा जिला मुख्यालय में ‘टेट मुक्ति रैली’ निकाली जाएगी। रैली के बाद मुख्यमंत्री, शिक्षा मंत्री, शिक्षा सचिव एवं लोक शिक्षण संचालनालय के नाम कलेक्टर और जिला शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन सौंपा जाएगा। इसमें वर्षों से सेवा दे रहे शिक्षकों के लिए टेट की अनिवार्यता समाप्त करने और उनकी सेवा सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग प्रमुख होगी।

रैली की तैयारियों एवं आगामी आंदोलन की रणनीति को लेकर 22 और 23 अगस्त को टेट से प्रभावित शिक्षकों की जिला स्तरीय बैठक आयोजित की जाएगी। मोर्चा ने जिले के सभी सहायक शिक्षक, शिक्षक एवं व्याख्याताओं से रैली में सक्रिय सहभागिता की अपील की है।

शिक्षक संघर्ष मोर्चा के जिला संचालक कमलेश सिंह ने कहा कि पूर्व में नियुक्त शिक्षकों की भर्ती एवं पदोन्नति प्रक्रिया में टेट अनिवार्य नहीं था। ऐसे में वर्षों तक सेवा देने और पर्याप्त अनुभव हासिल करने के बाद नई प्रक्रिया के तहत टेट अनिवार्य किए जाने से शिक्षक प्रभावित हो रहे हैं। मोर्चा ने सवाल उठाया कि 28 वर्षों की शिक्षकीय सेवा और अनुभव रखने वाले शिक्षकों को अब दोबारा टेट जैसी परीक्षा देने के लिए बाध्य क्यों किया जा रहा है।

मोर्चा के अनुसार, प्रदेश संयोजकों ने शिक्षा सचिव कमलप्रीत सिंह एवं लोक शिक्षण संचालनालय के संचालक ऋतुराज रघुवंशी से मुलाकात कर टेट प्रभावित शिक्षकों समेत विभिन्न समस्याओं पर चर्चा की है।

संगठन ने विभाग से सकारात्मक पहल की मांग की है।

इसके अलावा बी.एड. ब्रिज कोर्स, 13 फरवरी 2026 के नई भर्ती एवं पदोन्नति नियमों की विसंगतियां दूर करने, पुरानी पेंशन के लिए पूर्व सेवा की गणना तथा केंद्रीय स्तर का वेतनमान लागू कर वेतन विसंगति दूर करने की मांग भी उठाई गई है।

जिला संचालक कमलेश प्रताप सिंह, नरेंद्र मिश्रा एवं स्नेहलता पाठक ने कहा कि आंदोलन का उद्देश्य केवल विरोध नहीं, बल्कि शिक्षकों की समस्याओं का सकारात्मक समाधान हासिल करना है। उन्होंने कहा कि 25 अगस्त की रैली में जिले के सभी विकासखंडों से शिक्षकों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। मोर्चा ने इसे शिक्षक सम्मान, अनुभव और सेवा सुरक्षा से जुड़ा मुद्दा बताते हुए सभी प्रभावित शिक्षकों से एकजुट होकर रैली में शामिल होने की अपील की है।


अन्य पोस्ट