सरगुजा
विद्यार्थियों ने लिया नशामुक्त समाज का संकल्प
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 19 अगस्त। माउंट लिट्रा ज़ी स्कूल में युवाओं एवं आमजन को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने और नशामुक्त समाज का संदेश देने के उद्देश्य से नशा मुक्ति जागरूकता सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ब्रह्माकुमारी संस्था की पार्वती बहन, रेखा बहन, रजनी बहन एवं मनोज भाई मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
सेमिनार में वक्ताओं ने नशे के गंभीर दुष्प्रभावों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नशे की लत केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को प्रभावित नहीं करती, बल्कि उसके पारिवारिक, शैक्षणिक, रोजगार एवं सामाजिक जीवन पर भी प्रतिकूल असर डालती है। तंबाकू, शराब एवं अन्य मादक पदार्थों के सेवन से हृदय, फेफड़ों, मस्तिष्क और मानसिक स्वास्थ्य पर गंभीर प्रभाव पड़ सकता है।
युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए खेल, योग, ध्यान, रचनात्मक गतिविधियों और सकारात्मक संगति को जीवनशैली का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया गया। वक्ताओं ने यह भी कहा कि नशे की समस्या से जूझ रहे व्यक्ति को तिरस्कार के बजाय समझ, सहयोग और उचित चिकित्सकीय मार्गदर्शन की आवश्यकता होती है।
कार्यक्रम में विद्यालय के निदेशक केपी दीक्षित, उत्तम सिंह सिसोदिया, राजू अग्रवाल, दीपेश गुप्ता, नितेश मेहता, प्रतीक दीक्षित एवं अकादमिक डायरेक्टर डॉ. बृजेश पांडे सहित विद्यालय परिवार की उपस्थिति रही।
समापन अवसर पर प्राचार्या वर्षा अग्रवाल ने कहा कि नशा मुक्ति केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। कार्यक्रम के सफल आयोजन में संध्या एक्का,अरिजीत,प्राची त्रिपाठी, अंकित पटेल सहित समस्त शिक्षकों का योगदान रहा। अंत में अतिथियों, विद्यार्थियों एवं उपस्थित नागरिकों ने ‘नशा मुक्त जीवन, स्वस्थ परिवार और सशक्त समाज’ का संकल्प लिया।