सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर,18 अगस्त। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के राष्ट्रव्यापी ‘10 करोड़ नशामुक्त प्रतिज्ञा महा-अभियान’ के तहत अंबिकापुर सहित पूरे सरगुजा संभाग में नशामुक्ति को लेकर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत अब तक संभाग में एक लाख से अधिक लोग नशा नहीं करने और दूसरों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने का संकल्प ले चुके हैं।
अभियान के दौरान शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यालयों, महाविद्यालयों, केंद्रीय जेल, मंदिरों, होमगार्ड जवानों सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। स्कूल-कॉलेजों में विद्यार्थियों और शिक्षकों ने नशे से दूर रहने की शपथ ली। केंद्रीय जेल अंबिकापुर में बंदियों को मानसिक शांति और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया, जहां बड़ी संख्या में बंदियों ने व्यसनमुक्ति का संकल्प लिया।
महिलाओं के सावन उत्सव कार्यक्रमों में भी नशामुक्त परिवार और स्वस्थ समाज का संदेश दिया गया। पेंशनर समाज के वरिष्ठ नागरिकों ने अपने अनुभव साझा करते हुए समाज को व्यसनमुक्त बनाने में सहयोग का संकल्प लिया। प्रमुख मंदिरों में पहुंचे श्रद्धालुओं को भी आध्यात्मिक जीवन अपनाने और व्यसनों से दूर रहने के लिए प्रेरित किया गया। इसी कड़ी में अंबिकापुर के यूथ प्लेयर ग्रुप से जुड़े खिलाडिय़ों के लिए नव विश्व भवन, चोपड़ापारा में कार्यक्रम आयोजित किया गया। खिलाडिय़ों को राजयोग के माध्यम से तनावमुक्त जीवन और सकारात्मक सोच अपनाने के तरीके बताए गए तथा नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई।
ब्रह्माकुमारीज अंबिकापुर केंद्र की संचालिका ब्रह्माकुमारी विद्या दीदी ने कहा कि नशा व्यक्ति के शरीर के साथ-साथ उसके मानसिक संतुलन, पारिवारिक जीवन और आर्थिक स्थिति को भी प्रभावित करता है। राजयोग मेडिटेशन और आत्मिक ज्ञान के माध्यम से लोगों को आंतरिक शक्ति प्रदान कर व्यसनों से मुक्त होने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। अभियान 20 अगस्त तक संभाग के विभिन्न क्षेत्रों में निरंतर जारी रहेगा।