सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर,17 अगस्त। छत्तीसगढ़ कांग्रेस कमेटी अल्पसंख्यक विभाग के प्रदेश महासचिव परवेज आलम गांधी ने वंदे मातरम् को लेकर भाजपा की ओर से की जा रही बयानबाजी पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि देश की गौरवशाली विरासत पर राजनीति करने से पहले भाजपा को लाल किले की प्राचीर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किए गए वादों और दावों का हिसाब जनता को देना चाहिए।
परवेज गांधी ने आरोप लगाया कि रोजगार, महंगाई, किसानों की आय, अर्थव्यवस्था और विकास जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर जवाब देने के बजाय भाजपा बार-बार नए मुद्दे उठाकर जनता का ध्यान भटकाने का प्रयास करती है। उन्होंने कहा कि वंदे मातरम् स्वतंत्रता आंदोलन की ऐतिहासिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है और इससे जुड़ी स्थापित परंपराओं तथा संविधान सभा के योगदान को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
उन्होंने भाजपा नेताओं से सवाल किया कि यदि वे वंदे मातरम् के स्वरूप और परंपरा को बदलने की बात कर रहे हैं तो उन्हें स्पष्ट करना चाहिए कि देश के महान नेताओं और संविधान सभा के निर्णय से उन्हें क्या आपत्ति है।
परवेज गांधी ने कहा कि जनता अब भाषणों से नहीं, सरकार के कामकाज से मूल्यांकन करेगी। उन्होंने कहा कि मुद्दा बदलने से सवाल खत्म नहीं होते। भाजपा को रोजगार, महंगाई और विकास सहित जनता से किए गए वादों पर जवाब देना ही होगा।