सरगुजा

जुनवानी में संगवारी स्वास्थ्य केंद्र का उद्घाटन
16-Aug-2026 9:30 PM
जुनवानी में संगवारी स्वास्थ्य केंद्र का उद्घाटन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

लखनपुर,16 अगस्त। विकासखंड लखनपुर के ग्राम जुनवानी में शनिवार को संगवारी संस्था द्वारा संचालित 6 बिस्तरीय स्वास्थ्य केंद्र का  शुभारंभ पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने किया। उद्घाटन के बाद आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र को क्षेत्र की चिकित्सा व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण पहल बताया। इस अवसर पर उनके द्वारा पौधरोपण भी किया गया।

संगवारी संस्था पिछले करीब छह वर्षों से ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं के बेहतर क्रियान्वयन के लिए कार्य कर रही है। इसी कड़ी में जुनवानी में नवीन स्वास्थ्य केंद्र की शुरुआत की गई है। केंद्र के माध्यम से क्षेत्रवासियों को संचारी एवं गैर-संचारी रोगों के उपचार के साथ विभिन्न स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए टीएस सिंहदेव ने कहा कि संगवारी संस्था ने फिलहाल छह बिस्तरों की व्यवस्था के साथ अस्पताल की शुरुआत की है। आने वाले समय में इसके नियमित मल्टी स्पेशलिटी अस्पताल के रूप में विस्तार की संभावना है। उन्होंने कहा कि संस्था स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में बेहतर कार्य कर रही है और यह केंद्र क्षेत्र के लोगों के लिए एक अच्छा विकल्प साबित होगा।

सिंहदेव ने प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था पर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि जिस स्तर की स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदेश में उपलब्ध होनी चाहिए।

वह अभी लोगों को पूरी तरह नहीं मिल पा रही हैं। उन्होंने कहा कि संगवारी के पास अनुभवी चिकित्सकों की टीम है, जिससे लोगों को कम लागत में गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

इस दौरान उन्होंने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं भी दीं। कार्यक्रम में कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष अमित सिंहदेव, रणविजय सिंह देव, वीरेंद्र सिंह देव, कृपा शंकर गुप्ता, शराफत अली, इरशाद खान, राम सुजान द्विवेदी, गंगा राम पैकरा सहित संगवारी संस्था के चिकित्सक एवं कर्मचारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट