सरगुजा
अंबिकापुर,14 अगस्त। मवेशी तस्करी में बतौली पुलिस ने झारखंड के गुमला से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान अयान अहमद गुमला, झारखंड के रूप में हुई है। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। वहीं 13 मवेशी और तस्करी में प्रयुक्त पिकअप पहले ही बरामद हो चुके हैं।
पुलिस के मुताबिक, 17 जनवरी को मुखबिर से सूचना मिली थी कि पिकअप क्रमांक जेएच-01 एफवाई-8400 में 6 गाय और 7 बछिया समेत कुल 13 मवेशियों को क्रूरतापूर्वक बांधकर छत्तीसगढ़ से झारखंड के बूचडख़ाने ले जाया जा रहा है। ग्राम बोदा बगीचा रोड स्थित घोषरा पखना खेत के पास पिकअप का पिछला चक्का खराब होने पर चालक और तस्कर वाहन व मवेशियों को छोडक़र फरार हो गए थे।
सूचना पर बतौली पुलिस मौके पर पहुंची और 13 मवेशियों के साथ पिकअप को जब्त कर मामला दर्ज किया। आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीम वाहन के पंजीयन नंबर के आधार पर झारखंड पहुंची और वाहन मालिक सहित अन्य संबंधित लोगों से पूछताछ की।
जांच के दौरान अयान अहमद की संलिप्तता सामने आई। पुलिस को आरोपी के मोबाइल फोन से भी पिकअप में मवेशियों की तस्करी से संबंधित वीडियो मिला। पुलिस द्वारा जारी नोटिस के बावजूद आरोपी विवेचना में उपस्थित नहीं हुआ। इसके बाद उसकी भूमिका सामने आने पर प्रकरण में धारा 3(5) बीएनएस जोड़ी गई।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर इसकी सूचना उसके परिजनों को दी है। मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी शेष है और विवेचना जारी है।