सरगुजा

खडग़े के अपमान के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, संघ परिवार पर दलित विरोधी मानसिकता का लगाया आरोप
14-Aug-2026 11:17 PM
खडग़े के अपमान के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, संघ परिवार पर दलित विरोधी मानसिकता का लगाया आरोप

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर,14 अगस्त। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े के साथ उत्तराखंड के हल्द्वानी में कथित तौर पर हुए व्यवहार के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी सरगुजा ने शुक्रवार को प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राजीव भवन से गांधी चौक तक रैली निकाली और महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष नारेबाजी करते हुए विरोध जताया।

कांग्रेस नेताओं के अनुसार 8 अगस्त को हल्द्वानी में खडग़े की रैली के बाद संघ परिवार से जुड़े एक संगठन द्वारा रैली स्थल का कथित रूप से शुद्धिकरण किया गया। कांग्रेस ने इसे खडग़े का अपमान बताते हुए कड़ी आपत्ति जताई है। पार्टी नेताओं का कहना है कि राज्यसभा में खडग़े ने इस घटना को अपनी दलित पहचान से जोड़ते हुए मुद्दा उठाया था। सरकार की ओर से मामले की जांच का आश्वासन दिए जाने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई सामने नहीं आने का कांग्रेस ने आरोप लगाया।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने कहा कि संघ परिवार की मानसिकता दलित विरोधी है। उन्होंने केंद्र सरकार से घटना में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि यदि कार्रवाई नहीं होती है तो इसे घटना में सरकार की सहमति के रूप में देखा जाएगा।

पूर्व कैबिनेट मंत्री अमरजीत भगत ने कहा कि संघ परिवार की विचारधारा में कथित तौर पर अस्पृश्यता की मानसिकता मौजूद है। उन्होंने कहा कि यही कारण है कि आज तक कोई दलित या आदिवासी व्यक्ति संघ परिवार के शीर्ष पद तक नहीं पहुंच सका। उन्होंने खडग़े के साथ हुए कथित व्यवहार को पूरे दलित समाज का अपमान बताया।

प्रदर्शन में पीसीसी महामंत्री द्वितेंद्र मिश्रा सहित हेमंत सिन्हा, सत्येंद्र तिवारी, संजय विश्वकर्मा, मोहम्मद इस्लाम, इंद्रजीत सिंह धंजल, दुर्गेश गुप्ता, मदन जायसवाल, संजय सिंह, अशफाक अली, जमील खान, जीवन यादव, दीपक मिश्रा, मोहम्मद हसन, निमन राशि एक्का, चंद्रप्रकाश सिंह, रजनीश सिंह, सोहन जायसवाल, प्रमोद चौधरी समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।


अन्य पोस्ट