सरगुजा
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
अंबिकापुर, 14 अगस्त। स्संभागीय आबकारी उडऩदस्ता संभाग सरगुजा की टीम ने अंबिकापुर शहर के पटपरिया स्थित संकटमोचन मंदिर क्षेत्र में एक किराए के मकान में चल रही कथित अवैध महुआ शराब की 'फैक्ट्री' का भंडाफोड़ किया। कार्रवाई के दौरान मौके पर एक साथ 8 भ_ियों में महुआ शराब तैयार की जा रही थी। टीम ने मौके से 70 लीटर तैयार महुआ शराब और 480 किलोग्राम महुआ लाहन बरामद किया। शराब बनाने में इस्तेमाल किए जा रहे उपकरण और बर्तन भी जब्त किए गए हैं।
यह कार्रवाई आबकारी आयुक्त पी.एस. एल्मा के निर्देश पर स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। संभागीय आबकारी उडऩदस्ता टीम गुरुवार को सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता के नेतृत्व में अंबिकापुर शहर में गश्त कर रही थी।
गश्त के दौरान संकटमोचन मंदिर, पटपरिया क्षेत्र में टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि एक बाउंड्रीवाल के सामने स्थित किराए के मकान में अर्जुन नामक व्यक्ति द्वारा बड़ी मात्रा में महुआ शराब का अवैध निर्माण किया जा रहा है। सूचना में यह भी बताया गया कि मकान के भीतर शराब बनाने के लिए भ_ियां चढ़ी हुई हैं।
सूचना की पुष्टि के बाद आबकारी उडऩदस्ता टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बताए गए मकान पर दबिश दी। टीम द्वारा तलाशी शुरू किए जाने पर मकान के भीतर चल रहे अवैध शराब निर्माण का खुलासा हुआ।
आबकारी टीम के अनुसार मकान के एक कमरे में 8 भ_ियां चढ़ी हुई थीं, जिनमें महुआ शराब तैयार की जा रही थी। वहीं दूसरे कमरे में 24 प्लास्टिक के डिब्बों में महुआ लाहन भरकर रखा गया था। टीम ने सभी भ_ियों से तैयार शराब को एकत्र कर माप किया, जिसमें कुल 70 लीटर महुआ शराब बरामद हुई।
इसके अलावा डिब्बों में रखे 480 किलो महुआ लाहन को भी जब्त किया गया। विभागीय कार्रवाई के तहत लाहन को मौके पर पंचनामा तैयार कर नष्ट किया गया। शराब निर्माण में इस्तेमाल किए जा रहे उपकरण एवं बर्तनों को भी जब्त कर लिया गया।
आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई
मामले में आरोपी अर्जुन कुजुर को आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क)(च), 34(2) एवं 59(क) के तहत गिरफ्तार किया गया। आरोपी को न्यायालय में पेश कर रिमांड प्राप्त करने के बाद जेल दाखिल करने की कार्रवाई की गई। कार्रवाई सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता के नेतृत्व में की गई। टीम में आबकारी उपनिरीक्षक टी.आर. केहरी, मुख्य आरक्षक अशोक सोनी, नगर सैनिक रणविजय सिंह, रोहित सोनी सहित आबकारी स्टाफ नीरज चौहान की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस के पूर्व अवैध महुआ शराब के खिलाफ यह संभागीय आबकारी उडऩदस्ता टीम की महत्वपूर्ण कार्रवाई है। उन्होंने कहा कि अवैध शराब निर्माण और बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।