सरगुजा
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
अंबिकापुर, 14 अगस्त। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर उत्तर छत्तीसगढ़ के प्रतिष्ठित और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य संस्थान जीवन ज्योति सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल द्वारा शुक्रवार को भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। सेवा के क्षेत्र में समर्पित इस अस्पताल के चिकित्सकों और कर्मचारियों ने राष्ट्रभक्ति का अनुपम उदाहरण पेश किया।
अस्पताल के चेयरमैन एवं वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. जेके सिंह के नेतृत्व में निकली इस यात्रा में डॉक्टर्स, स्वास्थ्य कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों के साथ समाज के सभी वर्गों के लोगों ने हाथों में तिरंगा थामकर देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम के जज्बे के साथ अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
अस्पताल परिसर से शुरू हुई तिरंगा यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। भारत माता की जय और तिरंगा हमारी आन, बान और शान है के नारों से पूरा माहौल देशभक्ति से सराबोर हो गया।
डॉ. जेके सिंह ने कहा - एक ओर हम मरीजों की सेवा कर जीवन बचाने का काम करते हैं, वहीं दूसरी ओर देश की एकता और अखंडता के प्रतीक तिरंगे के सम्मान में भी हम पूरी निष्ठा से खड़े हैं। स्वास्थ्य कर्मी ही समाज के सच्चे सिपाही हैं जो हर परिस्थिति में सेवा देते हैं।
तिरंगा यात्रा में अस्पताल के डायरेक्टर संध्या सिंह, डॉ. आकाश सिंह, डॉ. स्नेहा सिंह सहित वरिष्ठ पार्षद विजय सोनी, डॉ. लेफ्टिनेंट एमके तिवारी,डॉ. अभिजीत प्रसाद, डॉ. उत्तम सिंह,डा विनय कर्णिक, डॉ. श्रेया सिंह,डॉ. देवांश, डॉ. अनुराग सिंह सहित बड़ी संख्या में अस्पताल के चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ, कर्मचारी और अन्य सहयोगी शामिल हुए।
यात्रा के दौरान आम नागरिकों ने भी उत्साह के साथ सहभागिता की और हाथों में तिरंगा लेकर काफिले का स्वागत किया।
जीवन ज्योति अस्पताल प्रबंधन ने बताया कि इस तिरंगा यात्रा का उद्देश्य केवल स्वतंत्रता दिवस मनाना नहीं, बल्कि समाज में सेवा, अनुशासन और देशभक्ति की भावना को मजबूत करना है।
डॉ. जेके सिंह ने कहा कि जिस तरह हम मरीजों के स्वास्थ्य की रक्षा करते हैं, उसी तरह हम देश की रक्षा और सम्मान के लिए भी सदैव तत्पर हैं। तिरंगा हमें एकता, समर्पण और सेवा का संदेश देता है। तिरंगा यात्रा अस्पताल परिसर से शुरू होकर विभिन्न क्षेत्रों से होते हुए पुन: अस्पताल में संपन्न हुई। इस भावनात्मक और भव्य तिरंगा यात्रा ने यह संदेश दिया कि स्वास्थ्य सेवा और राष्ट्रसेवा दोनों ही देश निर्माण की नींव हैं।