सरगुजा
फिल्म अभिनेत्री पद्मिनी कोल्हापुरी ने मुंबई में किया सम्मानित
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर,13 अगस्त। सामाजिक कार्यकर्ता, अधिवक्ता एवं आरटीआई एक्टिविस्ट डॉ. डी.के. सोनी को जनहित, सामाजिक न्याय, पारदर्शिता और भ्रष्टाचार के खिलाफ किए जा रहे उल्लेखनीय कार्यों के लिए प्राइड ऑफ भारत अवार्ड 2026 से सम्मानित किया गया। मुंबई के होटल हॉलिडे इन में 8 अगस्त को आयोजित भव्य समारोह में प्रसिद्ध फिल्म अभिनेत्री पद्मिनी कोल्हापुरी के हाथों डॉ. सोनी को सम्मान पत्र एवं अवार्ड प्रदान किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन मनीश बंसल, फाउंडर इनसाइटसक्सेस एंड ट्रेड मीडिया द्वारा किया गया। समारोह में देश के विभिन्न राज्यों से आए डॉक्टरों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, शिक्षाविदों और अन्य विशिष्ट लोगों की मौजूदगी रही। डॉ. सोनी को आरटीआई, जनहित याचिकाओं, सुशासन और सामाजिक न्याय के क्षेत्र में किए गए कार्यों के लिए यह सम्मान प्रदान किया गया।
डॉ. डी.के. सोनी लंबे समय से सामाजिक न्याय, नागरिक अधिकारों, पारदर्शिता और भ्रष्टाचार के खिलाफ सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं। अपनी संस्था सरगुजा सोसाइटी फॉर फास्ट जस्टिस के माध्यम से वे आम नागरिकों को त्वरित न्याय दिलाने के लिए प्रयासरत हैं। आरटीआई और जनहित याचिकाओं के माध्यम से उन्होंने कई महत्वपूर्ण मामलों को न्यायालय तक पहुंचाया है। साथ ही दस्तावेजी साक्ष्यों के आधार पर सरकारी विभागों में कथित अनियमितताओं और भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों में जांच एवं कार्रवाई के लिए भी प्रयास किए हैं।
डॉ. सोनी के सम्मानित होने से अंबिकापुर सहित पूरे सरगुजा क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। अधिवक्ताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों ने इसे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय बताया है।
सम्मान प्राप्त करने के बाद डॉ. सोनी ने कहा कि यह पुरस्कार उन्हें जनहित, सामाजिक न्याय और नागरिक अधिकारों की रक्षा के लिए और अधिक समर्पण के साथ कार्य करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने वंचित और जरूरतमंद लोगों के अधिकारों के लिए भविष्य में भी संघर्ष जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि प्राइड ऑफ भारत अवार्ड 2026 उनका 52वां सम्मान है।