सरगुजा

डायल-112 की तत्परता से झुलसे युवक को समय पर मिला उपचार
12-Aug-2026 8:34 PM
डायल-112 की तत्परता से झुलसे युवक को समय पर मिला उपचार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 12 अगस्त। नवागढ़ स्थित महामाया मंदिर के पास आग से झुलसे एक व्यक्ति को सरगुजा डायल-112 टीम की तत्परता से समय पर चिकित्सा सुविधा मिल सकी। पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घायल को उसके परिजनों के साथ मेडिकल कॉलेज अस्पताल, अंबिकापुर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उपचार शुरू किया।

जानकारी के अनुसार, 11 अगस्त को सेंट्रलाइज्ड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर रायपुर से सरगुजा डीसीसी डायल-112 टीम को सूचना मिली कि नवागढ़, महामाया मंदिर के पास एक व्यक्ति आग से झुलस गया है और उसे तत्काल मदद की जरूरत है। सूचना मिलते ही कंट्रोल रूम ने घटनास्थल पर तैनात पुलिस टीम को सक्रिय किया और 108 एंबुलेंस सेवा से भी समन्वय स्थापित किया।

डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं डायल-112 के नोडल अधिकारी रितेश चौधरी के मार्गदर्शन में टीम ने बिना समय गंवाए कार्रवाई की। कंट्रोल रूम में तैनात प्रधान आरक्षक संजीव कुमार त्रिपाठी और महिला आरक्षक मनीषा द्विवेदी ने घटना की लगातार मॉनीटरिंग करते हुए आवश्यक समन्वय किया और वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी।

वहीं मौके पर तैनात आरक्षक सुशील खेस और चालक पेंटेश्वर ने घायल व्यक्ति को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया। समय पर अस्पताल पहुंचने से पीडि़त को तत्काल उपचार मिल सका।

इस कार्रवाई में डायल-112 कंट्रोल रूम और मौके पर तैनात टीम के बीच बेहतर समन्वय और तत्परता देखने को मिली। सरगुजा पुलिस ने कहा कि आपात परिस्थितियों में लोगों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराना डायल-112 की प्राथमिकता है। टीम की इस कार्रवाई को पुलिस की सेवा, सुरक्षा और मानवीय संवेदनशीलता का उदाहरण बताया गया।


अन्य पोस्ट